27 सितंबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मैच खेला जाएगा. यह मैच तिरुवनंतपुरम में खेल जाना है, जिसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा खेलते दिखेंगे, वहीं रवींद्र जडेजा भी कई महीनों बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे होंगे.
ऋतुराज गायकवाड़ को नंबर-4 पर मौका मिल सकता है, क्योंकि श्रेयस अय्यर इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे. वहीं जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी इसी सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं.
कई नामी खिलाड़ियों पर इस सीरीज में सबकी नजर बनी रहेगी, लेकिन भारतीय टीम की ओर से 3 बहुत बड़े रिकॉर्ड टूट सकते हैं. विराट कोहली और रवींद्र जडेजा इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 शतक – विराट कोहली
ODI क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक विराट कोहली ने लगाए हैं. उनके नाम 41 पारियों में 9 शतक हैं. इस फेहरिस्त में 5 सेंचुरी के साथ बाबर आजम दूसरे स्थान पर हैं. पहले वनडे में विराट 100 रन बना लेते हैं, तो वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 सेंचुरी लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
सबसे ज्यादा विकेट – रवींद्र जडेजा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज तक 142 वनडे मैच खेले गए हैं. दोनों देशों के आंकड़ों को मिलाकर देखा जाए, तो सबसे ज्यादा विकेट रवींद्र जडेजा और कोर्टनी वॉल्श ने लिए हैं. दोनों अभी 44 विकेट के साथ बराबरी पर हैं. जडेजा पहले वनडे मैच में एक विकेट लेते ही इस लिस्ट में सबसे आगे निकल जाएंगे. जडेजा इसी सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 वनडे विकेट पूरे करने वाले सबसे पहले भारतीय गेंदबाज बन सकते हैं. इसके लिए उन्हें 6 और बल्लेबाजों को आउट करना है.
इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 चौके
इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में कुल 20 खिलाड़ी 2000 या उससे ज्यादा चौके लगा चुके हैं. वहीं पांच भारतीयों ने यह कारनामा किया है, लेकिन रोहित शर्मा 2000 चौके लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं. रोहित अभी तक 1982 चौके लगा चुके हैं. पहले वनडे में उनके लिए 18 चौके लगाना मुश्किल होगा, लेकिन वो पहले भी एक पारी में 20 और 30 से अधिक चौके भी लगा चुके हैं.