भारत बना नंबर-1, पाकिस्तान को नुकसान; नेपाल पर रिकॉर्ड जीत के बाद एशिया कप राइजिंग स्टार पॉइंट्स टेबल का हाल

तिलक वर्मा की अगुवाई वाली इंडिया ए की टीम ने एशिया कप राइजिंग स्टार टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया। भारत ए की यह जीत ऐतिहासिक रही। टीम इंडिया ने नेपाल को 306 रनों से हराया। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब टीम इंडिया ने लिस्ट ए क्रिकेट में 300 से अधिक रनों से जीत दर्ज की हो।

पहले बैटिंग करते हुए भारत ने तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र के शतक के दम पर 332 रन बोर्ड पर लगाए थे। इसके जवाब में नेपाल की टीम मात्र 26 रनों पर ही ढेर हो गई थी। नेपाल का यह स्कोर लिस्ट ए क्रिकेट का 5वां सबसे छोटा स्कोर भी है। भारत ए ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में भी बाजी मारी। पाकिस्तान को पछाड़ते हुए भारत ने नंबर-1 का पायदान हासिल किया। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहीं सभी 8 टीमों ने अभी तक कम से कम 1 मैच खेल लिया है। ऐसे में आइए एक नजर एशिया कप राइजिंग स्टार पॉइंट्स टेबल पर एक नजर डालते हैं-

इंडिया ए पॉइंट्स टेबल में बनी नंबर-1

इंडिया ए की टीम जहां एक तरफ नेपाल के खिलाफ मैच खेल रही थी, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ए का मुकाबला यूएई के खिलाफ था। पाकिस्तान ने यूएई को 61 रनों से हराकर जीत का खाता खोला था। भारत से पहले मैच जीतने की वजह से पाकिस्तान पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गया था, मगर जैसे ही टीम इंडिया ने नेपाल पर जीत दर्ज की तो पाकिस्तान से नंबर-1 की गद्दी छिन गई। भारत और पाकिस्तान दोनों के बराबर 2-2 अंक है, मगर बेतर नेट रन रेट होने की वजह से टीम इंडिया पहले पायदान पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे। भारत और पाकिस्तान ग्रुप-बी का हिस्सा है।

ग्रुप-ए में श्रीलंका पहले पायदान पर

एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल में श्रीलंका ए पहले पायदान पर है। श्रीलंका ने अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ए को 6 विकेट से हराया था। वहीं बांग्लादेश ने हॉन्ग कॉन्ग को 8 विकेट से हराते हुए अपना खाता खोला। बांग्लादेश पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है।

इंडिया ए वर्सेस नेपाल हाइलाइट्स

कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के तूफानी शतकों की बदौलत भारत ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 50 ओवर टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को शुरुआती झटके लगे। लेकिन इसके बाद तिलक और कुशाग्र ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को नौ विकेट पर 332 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी निभाई। तिलक ने 113 गेंद में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 107 रन की पारी खेली।

कुशाग्र ने उनसे भी अधिक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंद में 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 117 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की, उन्होंने केवल 14 गेंद में नाबाद 36 रन बनाए।

नेपाल की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर ललित राजबंशी (61 रन पर तीन विकेट) और लेग स्पिनर संदीप लामिछाने (61 रन पर तीन विकेट) ने छह विकेट साझा किए जबकि मध्यम गति के गेंदबाज नंदन यादव ने 49 रन देकर दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। दोनों ने मिलकर नौ विकेट झटके और नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में केवल 26 रन पर सिमट गई।

हर्षित ने 16 रन देकर चार विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव ने केवल छह रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

Leave a Comment