भारत-पाकिस्तान मैच के लिए टिकटों की रिकॉर्ड डिमांड, वर्ल्ड कप फाइनल भी पीछे; 34 हजार सीटों के लिए आए 84 लाख आवेदन

नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का रोमांच एक बार फिर देखने को मिल रहा है. वनडे वर्ल्ड कप 2027 में दोनों देशों के बीच होने वाले मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है.

इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस मुकाबले के टिकटों के लिए अब तक 84 लाख के करीब आवेदन मिल चुके हैं. खास बात यह है कि टिकटों की मांग के मामले में इस मुकाबले ने वर्ल्ड कप फाइनल को भी पीछे छोड़ दिया है.

10 अक्टूबर 2027 को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा. जिस स्टेडियम में यह मैच होना है, वहां दर्शकों के बैठने की क्षमता करीब 34 हजार है. इसके मुकाबले टिकटों के लिए 83,97,294 आवेदन प्राप्त हुए हैं. यानी उपलब्ध सीटों की तुलना में लगभग 247 गुना अधिक मांग दर्ज की गई है.

फाइनल के मुकाबले भारत-पाक मैच की ज्यादा डिमांड

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के आंकड़ों के अनुसार, टिकटों की मांग में भारत-पाकिस्तान मुकाबला सबसे आगे है. वहीं, 21 नवंबर 2027 को इसी स्टेडियम में होने वाले विश्व कप फाइनल के लिए 79,00,944 आवेदन मिले हैं. इस तरह क्रिकेट प्रशंसकों की दिलचस्पी भारत-पाकिस्तान मैच में फाइनल से भी अधिक दिखाई दे रही है.

21 नवंबर 2026 तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

वर्ल्ड कप के टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी. टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों से अधिक होने की स्थिति में कंप्यूटराइज्ड रैंडम लॉटरी के जरिए टिकट खरीदने के लिए लोगों का चयन किया जाएगा.

इस प्रक्रिया में पहले आवेदन करने वालों को प्राथमिकता नहीं मिलेगी. यानी यह पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर टिकट वितरण की व्यवस्था नहीं है. रजिस्ट्रेशन कराने वाले आवेदकों में से निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयन किया जाएगा.

193 देशों से आए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन

ICC के मुताबिक, वनडे वर्ल्ड कप 2027 के टिकटों के लिए दुनिया के 193 देशों से अब तक 12 करोड़ से अधिक आवेदन मिल चुके हैं. इनमें दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले 41 मुकाबलों के लिए ही 10.5 करोड़ से ज्यादा आवेदन दर्ज किए गए हैं.

मेजबान दक्षिण अफ्रीका की टीम के मैचों को लेकर भी दर्शकों में भारी उत्साह है. इन मुकाबलों के लिए करीब 2.6 करोड़ टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं.

24 साल बाद अफ्रीका में लौटेगा वनडे वर्ल्ड कप

वनडे क्रिकेट का यह विश्व कप 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर आयोजित होने जा रहा है. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे. प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 12 अलग-अलग वेन्यू पर 57 मुकाबले खेले जाएंगे.

टूर्नामेंट के 12 वेन्यू में से आठ दक्षिण अफ्रीका, तीन जिम्बाब्वे और एक नामीबिया में निर्धारित किए गए हैं. खास बात यह है कि नामीबिया पहली बार पुरुषों के सीनियर वनडे विश्व कप के मुकाबलों की मेजबानी करेगा. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे संयुक्त रूप से 2003 वनडे विश्व कप आयोजित कर चुके हैं.

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए टिकटों की भारी मांग ने साफ कर दिया है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच का आकर्षण आज भी दुनिया भर के प्रशंसकों के बीच बरकरार है.

Leave a Comment