भारत ने न्यूजीलैंड से कितने वनडे मैच जीते और कितने गंवाए? कीवियों के घर पर 10 सीरीज में हुआ ऐसा

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की बुधवार से शुरुआत होने जा रही है। पांच मैचों की सीरीज का पहला वनडे ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार दिग्गज क्रिकेटर धमाल मचाते हुए नजर आएंगे।

कप्तान शुभमन गिल सीरीज के शुरुआती तीन वनडे में खेलेंगे और आखिरी दो मुकाबलों में श्रेयस अय्यर कमान संभालेंगे। दरअसल, अंतिम वनडे के तुरंत बाद शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए चौथे और पांचवें वनडे में गिल समेत भारत के कुछ स्टार खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होंगे। आइए, एक नजर भारत और न्यूजीलैंड के वनडे हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर डालते हैं।

भारत ने न्यूजीलैंड से कितने वनडे मैच जीते?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 123 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान भारत का पलड़ा भारी रहा। भारत ने 63 वनडे जीते हैं। न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ 52 मैचों में जीत नसीब हुई। सात मैच बेनतीजा रहे और एक मुकाबला टाई पर छूटा। बता दें कि न्यूजीलैंड ने भारत से अपने घर पर 26 वनडे जीते हैं। भारत ने अपने घर पर न्यूजीलैंड को 32 मैचों में मात दी है। भारत को अवे जीत 14 और न्यूजीलैंड को 10 मिली है। भारत ने न्यूट्रल वेन्यू पर कीवी टीम से 17 वनडे जीते जबकि न्यूजीलैंड ने 16 बार विजयी परचम फहराया।

कीवियों के घर पर 10 सीरीज में हुआ ऐसा

भारतीय टीम ने अभी तक न्यूजीलैंड की धरती पर 10 वनडे सीरीज खेली हैं। दोनों के बीच इस दौरान दो सीरीज ड्रॉ रहीं। भारत ने न्यूजीलैंड में सिर्फ दो बार ही वनडे सीरीज अपने नाम की है। भारत ने साल 2009 में एमएस धोनी की अगुवाई में न्यूजीलैंड को 3-1 से मात दी थी। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2019 में कीवियों को घर पर 4-1 से वनडे सीरीज में हराया। भारत ने न्यूजीलैंड में पिछली वनडे सीरीज 2022 में खेली थी, जिसमें 0-1 से हार झेली। भारत को यहां 2019 में 0-3 से वनडे सीरीज गंवाई थी।

भारत का वनडे स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर।

न्यूजीलैंड का वनडे स्क्वॉड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ​​ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, माइकल ब्रैसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ।

Leave a Comment