नई दिल्ली: जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम अपने पहले ऐतिहासिक भारत दौरे के लिए पूरी तरह तैयार है। 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे इस सीमित ओवरों के दौरे के लिए जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर जोसेफिन नकोमो के हाथों में सौंपी गई है। जिम्बाब्वे का यह भारत दौरा महिला क्रिकेट के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन टी20I और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
वेस्टइंडीज को हराने वाले स्टार खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं ने जताया भरोसा
भारत दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हीं खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा है, जिन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। जिम्बाब्वे ने हरारे में खेले गए दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 4 विकेट से हराकर इतिहास की अपनी पहली जीत दर्ज की थी। इस टीम में न्याशा ग्वान्जुरा और मिशेल मावुंगा को शामिल किया गया है, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली जीत में मिलकर 7 विकेट चटकाए थे। वहीं मोडेस्टर मुपाचिक्वा भी टीम का हिस्सा हैं, जो उस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। इनके अलावा बिलाव्ड बीजा और केलिस न्दलोवू को भी जगह मिली है, जो वेस्टइंडीज सीरीज में क्रमशः वनडे और टी20 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर रही थीं।
रायपुर में टी20 और बड़ौदा के मैदान पर खेली जाएगी वनडे सीरीज
16 अक्टूबर से शुरू हो रहे इस दौरे में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज और उसके बाद वनडे सीरीज का आयोजन किया जाएगा। सीरीज के तीनों टी20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज के लिए बड़ौदा रवाना होंगी, जहां 23, 25 और 28 अक्टूबर को तीन वनडे मैच आयोजित होंगे। यह वनडे सीरीज आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होगी, जिससे दोनों टीमों के लिए अंक तालिका के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।
भारत दौरे के लिए जिम्बाब्वे की 15 सदस्यीय टीम:
जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलाव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिफानो, केलिस न्दलोवू, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर बारे, कुदजई चिगोरा, न्याशा ग्वान्जुरा, नोमवेलो सिबांदा, लोरिन फिरी, चियेद्जा धुरुड़ू, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंडाई माकुशा, शार्ने मेयर्स।