भारत के स्टार तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने फर्स्ट क्लास में 500 विकेट पूरे कर लिए हैं. इन दिनों उनादकट 2026 काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए खेल रहे हैं. टूर्नामेंट में नॉटिंघमशायर के खिलाफ खेलते हुए उनादकट ने तीसरा विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की.
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले जयदेव इन दिनों टीम से दूर चल रहे हैं.
अब तक भारतीय गेंदबाज ने अपने करियर में 143 फर्स्ट क्लास मैच खेल लिए हैं. इन मैचों में उन्होंने 23 की औसत से 500 विकेट चटका लिए हैं. इस दौरान उन्होंने 25 बार ‘5 विकेट हॉल’ और 4 बार ’10 विकेट हॉल’ अपने नाम किया है. पारी में उनका बेस्ट फिगर 8/39 का रहा. ससेक्स ने उनादकट के 500वें विकेट का वीडियो भी शेयर किया.
2010 में किया था टेस्ट डेब्यू
उनादकट ने 2010 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. डेब्यू मैच के बाद उन्हें वापसी के लिए 12 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा. उन्होंने दूसरा टेस्ट दिसंबर 2022 में खेला था. वहीं पिछली बार वह फॉर्मेट में जुलाई 2023 में खेलते नजर आए थे. यानी एक बार फिर उन्हें टीम इंडिया से बाहर हुए 3 साल का वक्त गुजर चुका है. अब देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें दोबारा टीम इंडिया में जगह कब मिलती है.
जयदेव उनादकट का अंतर्राष्ट्रीय करियर
उनादकट ने अब तक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 4 टेस्ट, 8 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल लिए हैं. टेस्ट की 7 पारियों में भारतीय गेंदबाज ने 3 विकेट चटकाए, जिसमें बेस्ट फिगर 3/67 का रहा. वनडे की 8 पारियों में उन्होंने 25 की औसत से 9 विकेट लिए, जिसमें बेस्ट फिगर 4/41 का है. बाकी टी20 इंटरनेशनल की 10 पारियों में उनादकट ने 21.50 की औसत से 14 विकेट अपनी झोली में डाले, जिसमें बेस्ट फिगर 3/38 का रहा. फॉर्मेट में उनकी इकॉनमी 8.68 की रही. उनादकट का करियर तो बहुत लंबा रहा, लेकिन उस हिसाब से उन्हें मैच खेलने के मौके नहीं मिले. किसी भी फॉर्मेट में वह टीम इंडिया के लिए मुख्य गेंदबाज नहीं बन सके.