बांग्लादेश में सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, पहले ही मैच में भारत-पाकिस्तान की होगी भिड़ंत, फ्री में यहां देख सकेंगे LIVE

IND vs PAK, SAFF Championship 2026: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 5 नवंबर से SAFF (South Asian Football Federation) चैंपियनशिप 2026 का आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।

इस बार प्रतियोगिता में पहली बार VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा। वहीं, भारतीय फुटबॉल फैंस टूर्नामेंट के मुकाबलों का लाइव एक्शन बिना किसी सब्सक्रिप्शन शुल्क के देख सकेंगे।

दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (SAFF) की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, मालदीव, मेजबान बांग्लादेश, भूटान और श्रीलंका शामिल हैं। FIFA के प्रतिबंध के कारण नेपाल इस बार प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले बांग्लादेश में खेले जाएंगे।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले से होगा टूर्नामेंट का आगाज

SAFF चैंपियनशिप की शुरुआत भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले से होगी। दोनों टीमों के बीच दक्षिण एशिया की फुटबॉल में लंबे समय से प्रतिद्वंद्विता रही है। अब तक खेले गए 25 मुकाबलों में भारत ने 16 बार पाकिस्तान को हराया है। ऐसे में ब्लू टाइगर्स की नजर इस बार अपनी 17वीं जीत दर्ज करने पर होगी। दोनों टीमें 5 नवंबर को दोपहर 3 बजे आमने-सामने होंगी।

भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट एक और खिताब जीतने का मौका है। टीम अब तक 9 बार SAFF चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर चुकी है और इस बार उसकी नजर 10वीं ट्रॉफी पर होगी। भारत ग्रुप स्टेज में अपना दूसरा और आखिरी मुकाबला 11 नवंबर को मालदीव के खिलाफ खेलेगा।

दो ग्रुप में बांटी गई हैं छह टीमें

टूर्नामेंट में शामिल छह टीमों को दो ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान और मालदीव हैं, जबकि ग्रुप B में मेजबान बांग्लादेश, भूटान और श्रीलंका को जगह मिली है।

दोनों ग्रुप की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 14 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 17 नवंबर को होगा।

पहली बार सेमीफाइनल और फाइनल में होगा VAR का इस्तेमाल

SAFF चैंपियनशिप 2026 की एक बड़ी खासियत VAR तकनीक का इस्तेमाल होना है। दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ के महासचिव पी. कट्टेल के मुताबिक, प्रतियोगिता में पहली बार वीडियो असिस्टेंट रेफरी तकनीक लागू की जाएगी। इसका इस्तेमाल सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में होगा। वहीं, ग्रुप स्टेज के दौरान VAR का टेस्ट रन भी किया जाएगा, हालांकि यह केवल आंतरिक उद्देश्यों के लिए होगा।

कट्टेल ने एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान कहा कि लंबे समय बाद बांग्लादेश को इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से संगठन उत्साहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवंबर का मौसम खिलाड़ियों के लिए अनुकूल रहेगा और दर्शकों को अगले दो सप्ताह तक शानदार फुटबॉल देखने को मिलेगी।

बिना सब्सक्रिप्शन फ्री में देख सकेंगे लाइव मैच

भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। भारत के सब्सक्रिप्शन-फ्री OTT प्लेटफॉर्म VETO ने SAFF चैंपियनशिप 2026 के स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल किए हैं। ऐसे में दर्शक भारत-पाकिस्तान समेत टूर्नामेंट के मुकाबले VETO प्लेटफॉर्म पर बिना किसी सब्सक्रिप्शन शुल्क के लाइव देख सकेंगे।

SAFF चैंपियनशिप 2026 का पूरा शेड्यूल (IST)

तारीख मुकाबला समय
5 नवंबर पाकिस्तान vs भारत दोपहर 3:00 बजे
5 नवंबर भूटान vs बांग्लादेश शाम 7:30 बजे
8 नवंबर मालदीव vs पाकिस्तान दोपहर 3:00 बजे
8 नवंबर श्रीलंका vs भूटान शाम 7:30 बजे
11 नवंबर भारत vs मालदीव दोपहर 3:00 बजे
11 नवंबर बांग्लादेश vs श्रीलंका शाम 7:30 बजे

नॉकआउट मुकाबलों का शेड्यूल

तारीख मुकाबला समय
14 नवंबर ग्रुप B विजेता vs ग्रुप A उपविजेता (सेमीफाइनल-1) दोपहर 2:30 बजे
14 नवंबर ग्रुप A विजेता vs ग्रुप B उपविजेता (सेमीफाइनल-2) रात 8:00 बजे
17 नवंबर फाइनल शाम 7:30 बजे

इस तरह SAFF चैंपियनशिप 2026 का समापन 17 नवंबर को खिताबी मुकाबले के साथ होगा। भारत के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत ही सबसे बड़ी चुनौती से होगी, जहां उसे पहले मैच में पाकिस्तान का सामना करना है। अब देखना होगा कि ब्लू टाइगर्स अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ कर पाते हैं या नहीं।

कब और कैसे हुई SAFF चैंपियनशिप की शुरुआत?

SAFF चैंपियनशिप दक्षिण एशियाई देशों के बीच खेला जाने वाला प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसका आयोजन दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (SAFF) करता है, जो एशियन फुटबॉल परिसंघ (AFC) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रीय संगठनों में से एक है।

इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण 1993 में पाकिस्तान के लाहौर में खेला गया था। उस समय इसे SAARC गोल्ड कप के नाम से जाना जाता था। खास बात यह है कि टूर्नामेंट की शुरुआत SAFF संगठन के गठन से चार साल पहले हो गई थी।

1995 में इसका नाम बदलकर साउथ एशियन गोल्ड कप किया गया। इसके बाद 1997 से 2005 तक इसे SAFF गोल्ड कप के नाम से जाना गया, जबकि 2008 से इसका नाम SAFF चैंपियनशिप हो गया।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और मालदीव 1997 में SAFF के संस्थापक सदस्य बने थे। भूटान 2000 में संगठन से जुड़ा, जबकि अफगानिस्तान ने 2005 में सदस्यता ली थी। हालांकि, 2015 में अफगानिस्तान ने SAFF छोड़कर CAFA में शामिल होने का फैसला किया।

पहले संस्करण में भारत ने श्रीलंका को पीछे छोड़ते हुए खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट में नॉकआउट मुकाबले नहीं हुए थे और सभी टीमों के बीच राउंड रॉबिन लीग प्रारूप में मैच खेले गए थे। यह SAFF चैंपियनशिप का अब तक का इकलौता संस्करण था, जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल नहीं हुए। भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी आईएम विजयन ने उस प्रतियोगिता में भारत के चार में से तीन गोल किए थे और वह टूर्नामेंट के टॉप गोल स्कोरर भी रहे थे।

भारत सबसे सफल टीम, 9 बार जीत चुका है खिताब

वर्ष मेजबान देश विजेता उपविजेता
1993 पाकिस्तान भारत श्रीलंका
1995 श्रीलंका श्रीलंका भारत
1997 नेपाल भारत मालदीव
1999 भारत भारत बांग्लादेश
2003 बांग्लादेश बांग्लादेश मालदीव
2005 पाकिस्तान भारत बांग्लादेश
2008 मालदीव और श्रीलंका मालदीव भारत
2009 बांग्लादेश भारत मालदीव
2011 भारत भारत अफगानिस्तान
2013 नेपाल अफगानिस्तान भारत
2015 भारत भारत अफगानिस्तान
2018 बांग्लादेश मालदीव भारत
2021 मालदीव भारत नेपाल
2023 भारत भारत कुवैत

Leave a Comment