बंद करें बचकानी हरकतें. नाइटक्लब विवाद पर फूटा कप्तान जो रूट का गुस्सा, इंग्लैंड टीम में भूचाल

Joe Root On Brydon Carse: पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम एक बार फिर मैदान के बाहर के विवादों को लेकर सुर्खियों में आ गई है. डर्बी के एक क्लब के बाहर तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को पुलिस की ओर से हथकड़ी लगाए जाने और हिरासत के बाद उन्हें लॉर्ड्स टेस्ट की टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.

इस घटना के बाद इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट साथी खिलाड़ियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर बुरी तरह भड़क गए हैं.

जो रूट ने लगाई क्लास

लॉर्ड्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रूट ने साफ कहा कि वो मैदान से बाहर खिलाड़ियों की ओर से बार-बार दोहराई जा रही गलतियों से काफी आहत और निराश हैं. जो रूट ने कड़े शब्दों में टीम के रवैये की आलोचना करते हुए कहा, ‘अगर मैं पूरी ईमानदारी से कहूं, तो मैं बेहद खफा हूं. मुझे इस बात से गहरा दुख है कि पिछले हफ्ते हेडिंग्ले में हमारे शानदार प्रदर्शन के बाद हम यहां बैठकर किसी ऐसी चीज पर बात कर रहे हैं जिसका खेल से कोई लेना-देना नहीं है.’

जो रूट ने आगे कहा, ‘यह कोई अकेली घटना नहीं है. समस्या यह है कि हम लगातार मैदान से बाहर ऐसी गलतियां कर रहे हैं, जो मैदान पर हमारी मेहनत और प्रदर्शन से ध्यान भटकाती हैं.’ रूट ने बताया कि उन्होंने कार्स से बात की है, जो अपनी इस हरकत से काफी दुखी हैं और माफी मांग चुके हैं. फिलहाल में यह मामला क्रिकेट रेगुलेटर की जांच के अधीन है.

एक ही सीजन में तीसरा मामला

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए शराब और देर रात के विवाद लगातार सिरदर्द बने हुए हैं. ब्रायडन कार्स इस सीजन गस एटकिंसन और पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के बाद तीसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें देर रात की घटनाओं और जांच के चलते टेस्ट मैच गंवाना पड़ा है. बेन स्टोक्स के संन्यास और कप्तानी संभालने के बाद रूट ने खिलाड़ियों से मिडनाइट कर्फ्यू हटा दिया था. इस घटना के बावजूद रूट ने कहा कि वे कर्फ्यू दोबारा लगाने के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों को जिम्मेदारी समझनी होगी.

स्टीफन फ्लेमिंग के साथ बदलेंगे टीम कल्चर

जो रूट ने कहा कि नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ मिलकर टीम में एक मजबूत और अच्छा कल्चर बनाने पर काम किया जाएगा. उन्होंने बताया कि लंदन पहुंचने के बाद टीम के साथ इस मुद्दे पर काफी गंभीर और सीधी बातचीत की गई है, ताकि खिलाड़ी समझ सकें कि इंग्लैंड की जर्सी पहनने की क्या जिम्मेदारी होती है. अब टीम का पूरा ध्यान लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने पर केंद्रित है.

Leave a Comment