स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पृथ्वी शॉ जहां होते हैं वहां विवाद न हो, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। एक बार फिर शॉ के रहते हुए विवाद हुआ है। मामला है रणजी ट्रॉफी से पहले मुंबई और महाराष्ट्र के बीच खेले जा रहे अभ्यास मैच का।
शॉ इस सीजन मुंबई से नहीं खेलेंगे। वह महाराष्ट्र से खेल रहे हैं। अभ्यास मैच में वह मुंबई के अपने पुरानी साथियों से भिड़ बैठे।
शॉ ने इस मैच में शानदार 181 रनों की पारी खेली। वह अपने अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे और रन बना रहे थे। अर्शिन कुलकर्ण के साथ उनकी ओपनिंग साझेदारी 305 रनों की हुई। शॉ सेट होने के बाद टी20 अंदाज में खेल रहे थे और तभी आउट हो गए।
बल्ला लेकर दौड़े
शॉ ने मुशीर खान की गेंद पर स्वीप खेला। गेंद डीप वैकवर्ड स्क्वायर लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में गई और उन्होंने कैच लेने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद शॉ जाने लगे थे तभी कुछ ऐसा हुआ कि वह मुशीर के पास गए और कुछ कहने लगे। देखते ही देखते वह मुशीर की तरफ बल्ला मारने लगे। बल्ला मुशीर को लगा नहीं। इस बीच मुंबई की टीम के बाकी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव किया। अंपायर भी इसमें बीच में आए। शॉ क अलग किया गया लेकिन वह काफी गुस्से में नजर आ रहे थे। शॉ की इस लड़ाई का वीडियो वायरल हो रहा है।
विवादों से रहा है नाता
शॉ का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ साल पहले उनका एक यूट्यूबर से विवाद हो गया था। इस विवाद का भी वीडियो सामने आया था जिसमें शॉ बीच सड़क पर हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले ने काफी तूल पकड़ा था और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी हुई थी।
शॉ लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं और वापसी की कोशिश में लगे हुए हैं। हालांकि, इस तरह के विवाद उनकी छवि को लगातार धूमिल कर रहे हैं जिससे वापसी मुश्किल होती दिख रही है।