रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण में महाराष्ट्र की टीम ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जीत के साथ आगाज किया था। महाराष्ट्र ने सर्विसेज की टीम को127 रन से हराते हुए एलीट ग्रुप सी में 6 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
इस ग्रुप में 7 अंकों के साथ गुजरात की टीम नंबर 1 है। अब पहले चरण के दूसरे मैच के लिए महाराष्ट्र के स्क्वाड का ऐलान हुआ है। भारतीय टीम के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की इस टीम में वापसी हुई है।
ऋतुराज हाल ही में भारतीय वनडे टीम का हिस्सा थे जो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही थी। उसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए के साथ जुड़ गए थे। अब रेड बॉल क्रिकेट में उनकी वापसी हुई है। पृथ्वी शॉ ही इस टीम के कप्तान बने रहेंगे। वहीं अर्शिन कुलकर्णी, वैभव धारकुंडे, विक्की ओस्टवाल जैसे कई धुरंधर खिलाड़ी इस टीम में शामिल हैं। इसके अलावा अंडर 19 वर्ल्ड कप विनर खिलाड़ी राजवर्धन हांगरगेकर भी इस टीम में शामिल हैं।
इसके अलावा अंकित बवाने, तनय सांघवी, सिद्धेश वीर, दिग्विजय पाटिल और हर्षल काटे को भी जगह दी गई है। महाराष्ट्र का मुकाबला पहले चरण के दूसरे मैच में 18 अक्टूबर से झारखंड के साथ होगा। झारखंड का पहला मैच केरल के साथ ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इसके बाद यह टीम 3 अंक लेकर एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। वहीं बंगाल की टीम 6 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।
झारखंड के खिलाफ दूसरे रणजी मैच के लिए महाराष्ट्र का स्क्वाड
पृथ्वी शॉ (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, दिग्विजय पाटिल, अंकित बवाने, हर्षल काटे, सिद्धेश वीर, सौरभ नावले, विक्की ओस्टवाल, अर्शिन कुलकर्णी, राजवर्धन हांगकरगेकर, प्रदीप दहाडे, तनय सांघवी, वैभव धारकुंडे, हितेश वालुंज, रुषिकेश सोनावाने, अथर्व धर्माधिकारी।
महाराष्ट्र के लिए पहले मैच में किसने किया कमाल?
महाराष्ट्र के लिए पहले मुकाबले में सर्विसेज के खिलाफ अंकित बावने ने 118 रन की शतकीय पारी खेली थी। उनके अलावा कप्तान पृथ्वी शॉ ने 70 और विक्की ओस्टवाल ने पहली पारी में 50 रन बनाए थे। दूसरी पारी में भी अंकित ने 48 और राजवर्धन हांगकरगेकर ने 43 रन बनाए थे। गेंदबाजी में पहली पारी में हितेश वालुंज ने पंजा खोलते हुए 5 विकेट झटके थे। वहीं दूसरी पारी में विक्की ओस्टवाल ने 5 और सिद्धेश वीर ने 3 विकेट लेकर सर्विसेज को 248 रन का लक्ष्य नहीं हासिल करने दिया था। इस तरह टीम ने 127 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया था।
Ranji Trophy: अभिषेक-सुदीप के शतक, मोहम्मद शमी ने झटके 5 विकेट; बंगाल ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले राउंड में एलीट ग्रुप सी में शामिल बंगाल की टीम ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया। बंगाल के लिए इस जीत में शतकवीर सुदीप कुमार घरामी और अभिषेक पोरेल हीरो रहे। वहीं मोहम्मद शमी ने 5 विकेट झटके।