नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट मुकाबलों में गुरुवार को बारिश का खासा असर देखने को मिला। पहले क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और चीन के बीच मुकाबला लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गया।
टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक बेहतर सीडिंग वाली बांग्लादेशी टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल गई। इसके बाद पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच मुकाबला भी बारिश के कारण छोटा कर दिया गया। पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में थाईलैंड को 3 विकेट से हराकर अंतिम-4 में जगह बना ली।
बांग्लादेश बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंचा
बांग्लादेश और चीन के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होना था। लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। अंपायरों के निरीक्षण के बाद मुकाबला रद्द कर दिया गया। एक भी गेंद नहीं फेंके जाने के कारण टूर्नामेंट की सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में प्रवेश मिला, जबकि चीन का अभियान यहीं समाप्त हो गया।
बांग्लादेश अब सेमीफाइनल में भारत-जापान क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा। भारत और जापान का मुकाबला 18 सितंबर को खेला जाना है।
बारिश के कारण पाकिस्तान-थाईलैंड मैच 11 ओवर का हुआ
इसके बाद पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। बारिश के कारण मैच समय पर शुरू नहीं हो सका। हालात सामान्य होने के बाद मुकाबला शुरू हुआ, लेकिन दोनों टीमों के लिए इसे 11-11 ओवर का कर दिया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार यह मुकाबला 17 सितंबर को कोरोगी एथलेटिक पार्क में निर्धारित था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए थाईलैंड ने 11 ओवर में 4 विकेट खोकर 91 रन बनाए। पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 92 रन का लक्ष्य था।
आखिरी ओवर तक चला रोमांच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत मुश्किल रही। सात ओवर के बाद टीम ने चार विकेट गंवाकर 48 रन ही बनाए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने रन गति बढ़ाई और मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया।
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अहम पारी खेलकर टीम की वापसी में योगदान दिया। हालांकि वह 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा जारी रखा। आखिरकार टीम ने दो गेंद शेष रहते 7 विकेट गंवाकर 92 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल में जगह बना ली, जबकि थाईलैंड का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
अब भारत की नजर सेमीफाइनल पर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम 18 सितंबर को अपने एशियन गेम्स अभियान की शुरुआत करेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम का सामना मेजबान जापान से होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। विजेता टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत मौजूदा चैंपियन है और इस बार भी टीम नॉकआउट चरण में सीधे क्वार्टर फाइनल से शुरुआत कर रही है। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल 20 सितंबर और गोल्ड मेडल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।