पाकिस्तान के तेवरों पर ICC ने साधी चुप्पी, IND vs PAK मैच को लेकर करोड़ों फैंस की सांसें अटकीं

1 फरवरी की रात को करीब 8 बजे पाकिस्तान सरकार ने फैसला लिया था कि पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप 2026 में खेलेगी, लेकिन 15 फरवरी को इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेगी।

3 फरवरी की सुबह तक पाकिस्तान का ये फैसला अटल नजर आ रहा है, क्योंकि 2 फरवरी को आईसीसी की बोर्ड मीटिंग नहीं हुई। ऐसे में लग रहा है कि आईसीसी इस मसले पर चुप्पी साधे हुए है, जबकि करोड़ों फैंस की सांसें अटकी हुई हैं, जो इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को देखने के लिए बेताब थे।

क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो बोर्ड मीटिंग की अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, एक फरवरी को ही आईसीसी ने सख्त बयान जारी किया था और कहा था कि वह सेलेक्टिव पार्टिसिपेशन बर्दाश्त नहीं करेगा। ऐसे में कहा जा रहा है कि गेंद पूरी तरह से पाकिस्तान के पाले में चली गई है। 16 मेंबर्स आईसीसी के बोर्ड में हैं, लेकिन कई लोगों से पता चला है कि बोर्ड मीटिंग पर अभी कोई जानकारी नहीं है।

हालांकि, यहां एक बात सोचने वाली जरूर है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने अभी तक ICC को इंडिया वर्सेस पाकिस्तान महामुकाबले को छोड़ने के अपने फैसले के बारे में ऑफिशियली नहीं लिखा है। जो कुछ भी लिखा हुआ है, वह पाकिस्तान सरकार की तरफ से एक X पोस्ट है। सोशल मीडिया पोस्ट को ऑफिशियल कम्युनिकेशन नहीं माना जाता है। हालांकि, आईसीसी की आधिकारिक बयान सामने आ चुका है और पाकिस्तान को अपने इस फैसले पर विचार करने के लिए कहा गया है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आखिरकार मान भी सकता है। आपको याद होगा कि PCB ने पिछले सितंबर में एशिया कप के एक मैच में हिस्सा लेने का फैसला मैच शुरू होने से लगभग आधा घंटा पहले लिया था, जबकि उसने उस दिन पूरे टूर्नामेंट से हटने की धमकी भी दी थी, लेकिन मैच कुछ देर के बाद पाकिस्तान खेला भी था। वहीं, इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच में अभी दो सप्ताह का समय है। पाकिस्तान पर अलग-अलग तरह के प्रतिबंध भी इस फैसले की वजह से लग सकते हैं। ब्रॉडकास्टर को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए भी पाकिस्तान को बोला जा सकता है।

Leave a Comment