नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में कुलदीप यादव के एक आसान कैच छोड़ने और उस पर तत्कालीन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के तीखे रिएक्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे।
उस समय कैमरे में सूर्यकुमार और हार्दिक पंड्या दोनों ही कुलदीप से काफी नाराज दिखाई दिए थे जिसके बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल पर कई सवाल उठे थे। अब महीनों बाद पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की असली कहानी से पर्दा उठाया है।
कुलदीप यादव थे काफी निराश
सूर्यकुमार यादव ने पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि मैच के दौरान गेंदबाजी का मौका न मिलने के कारण कुलदीप यादव अंदर ही अंदर काफी निराश थे। सूर्या के अनुसार मैच के हालात ऐसे बने कि उन्हें दूसरे गेंदबाजों से ओवर पूरे करवाने पड़े जिसके चलते कुलदीप को गेंद थमाने का अवसर ही नहीं मिल सका। यही निराशा मैदान पर उनके प्रदर्शन में झलकी और एक आसान सा कैच उनके हाथ से छूट गया।
बॉलिंग ना मिलने से निराश थे कुलदीप
सूर्यकुमार यादव ने इंटरव्यू में कहा, ‘मैच शुरू हुआ और उन्हें (कुलदीप को) गेंदबाजी कराने का समय ही नहीं मिला। वह थोड़े निराश थे और गेंदबाजी करना चाहते थे। मैंने अक्षर पटेल का स्पेल पूरा कराया और फिर तिलक, वरुण और हार्दिक से गेंदबाजी करवाई। कुलदीप मन ही मन सोच रहे थे, ‘मेरी गेंदबाजी क्यों नहीं आ रही है?’
कुलदीप पर आया था गुस्सा
कैच छूटने के उस विवादित पल के बारे में बताते हुए पूर्व कप्तान ने माना कि उन्हें कुलदीप के ढीले रवैये पर गुस्सा आया था। सूर्या ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी पूरी कोशिश करने के बाद कैच छोड़ता तो बात अलग थी लेकिन कुलदीप ने उस गेंद को पकड़ने में कोई गंभीरता नहीं दिखाई थी।
कैच को लेकर भी गुस्सा आया
सूर्यकुमार ने कुलदीप के उस कैच पर कहा, ‘जब वह लॉन्ग-ऑन पर खड़े थे तब एक कैच का मौका बना। वह बेहद कैजुअल तरीके से भागे और उनकी क्षमताओं के हिसाब से वह बहुत आसान कैच था। उन्होंने कैच छोड़ दिया और उस वक्त मुझे गुस्सा आ गया। अगर वह प्रयास करने के बाद कैच छोड़ते तो कोई बात नहीं थी, लेकिन उन्होंने कोई प्रयास ही नहीं किया।’
हालांकि, सूर्यकुमार ने यह साफ किया कि मैदान पर दिखा गुस्सा किसी तरह की गंभीर लड़ाई का नतीजा नहीं था। उन्होंने बताया कि ऑन-स्क्रीन जो तनाव दिखाई दे रहा था वह दरअसल दोनों खिलाड़ियों के बीच की आपसी हंसी-मजाक और उस पल के दबाव का हिस्सा था। मैच के बाद दोनों के बीच का माहौल बिल्कुल सामान्य हो गया था।