नई दिल्ली: पाकिस्तान ए ने रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश ए को मात देकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है, जहां अब उसका सामना श्रीलंका ए से होगा। श्रीलंका ए ने पिछले सेमीफाइनल में भारत ए को हराकर खिताबी दौर का टिकट कटाया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ए ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए। जिसे पाकिस्तान की टीम ने आसानी से 5 विकेट खोकर 45.2 ओवर में चेज कर लिया और 5 विकेट से इस मैच को जीत लिया।
शहादत हुसैन ने ठोका शतक
बांग्लादेश की पारी की सबसे बड़ी ताकत शहादत हुसैन दीपू रहे, जिन्होंने 118 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा महिदुल इस्लाम अंकोन ने 78 गेंदों में 42 रन और एसएम मेहरोब ने 36 गेंदों में 28 रन जोड़े, जबकि निचले क्रम में रिपन मोंडल ने 12 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से सुफियान मुकीम ने 10 ओवर में महज 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अली रजा (10 ओवर, 40 रन, 2 विकेट) और हसन नवाज (6 ओवर, 30 रन, 2 विकेट) ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। अहमद दानियाल को 1 विकेट मिला।
पाकिस्तान ने आसानी से टारगेट किया चेज
233 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ए ने 45.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शुरुआत में शमील हुसैन (14) और माज सदाकत (6) जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन इसके बाद शहजैब खान ने 85 गेंदों में 50 रन और हसन नवाज ने 91 गेंदों में 62 रन की अहम पारियां खेलकर टीम को संभाला।
पाकिस्तान के बल्लेबाजों का अच्छा प्रदर्शन
मध्य और निचले क्रम में कप्तान अब्दुल समद ने 33 गेंदों में 4 चौकों व 4 छक्कों के दम पर तेजतर्रार 44 रन बनाए, जबकि फरहान यूसुफ ने 39 गेंदों में नाबाद 46 रनों की निर्णायक पारी खेलते हुए रोहैल नाजिर (नाबाद 2) के साथ टीम को जीत की दहलीज पार कराई। बांग्लादेश के लिए रिपन मोंडल (9 ओवर, 52 रन, 2 विकेट) और रकीबुल हसन (10 ओवर, 58 रन, 2 विकेट) ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एमडी रुबेल को 1 सफलता मिली। इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ खिताबी भिड़ंत पक्की कर ली है।