पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर कायनात इम्तियाज ने 13 साल लंबे इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है। हालांकि, क्रिकेट से उनका रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं होगा। कायनात अब मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि मैच रेफरी की भूमिका में नजर आएंगी।
खास बात यह है कि इस नई पारी के लिए उन्होंने अपनी मां सलीमा इम्तियाज के नक्शेकदम पर चलने का फैसला किया है।
कायनात ने हाल ही में कराची में अगस्त और सितंबर के दौरान आयोजित PCB नेशनल विमेंस अंडर-19 T20 टूर्नामेंट में मैच अधिकारी के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने लेकर मैच रेफरी के रूप में करियर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
पाकिस्तान के लिए खेले 40 मुकाबले
कायनात ने पाकिस्तान के लिए 19 ODI और 21 T20 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने अक्टूबर 2010 में पोटचेफ्स्ट्रूम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 मुकाबले से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके अगले साल उन्होंने फतुल्लाह में आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला ODI मैच खेला। ODI क्रिकेट में कायनात के नाम 10 विकेट हैं, जबकि T20 इंटरनेशनल में उन्होंने 8 विकेट हासिल किए। उनका ODI में गेंदबाजी औसत 51.40 रहा, जबकि T20 इंटरनेशनल में उनकी इकॉनमी रेट 5.82 की रही।
कायनात पाकिस्तान की उन टीमों का भी हिस्सा रही हैं, जिन्होंने 2010 और 2014 के एशियन गेम्स में चीन और साउथ कोरिया में गोल्ड मेडल जीते थे। इसके अलावा उन्होंने 2017 महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। पाकिस्तान के लिए कायनात ने अपना आखिरी ODI जनवरी 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा में खेला था। वहीं, T20 फॉर्मेट में उनका आखिरी मुकाबला 2022 एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ सिलहट में आया था।
अलग-अलग रोल में नजर आ चुकी हैं कायनात
क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद कायनात ने ब्रॉडकास्ट की दुनिया में भी काम किया। उन्होंने पाकिस्तान और विदेशों में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंटों में प्रेजेंटर और कमेंटेटर के रूप में अपनी भूमिका निभाई। अब उन्होंने क्रिकेट में एक नई जिम्मेदारी संभालने का फैसला किया है। कायनात की मां सलीमा इम्तियाज पाकिस्तान की पहली महिला अंपायर हैं, जिन्हें ICC के इंटरनेशनल डेवलपमेंट पैनल का हिस्सा बनने का मौका मिला। सलीमा अब तक 9 महिला ODI और 69 महिला T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुकी हैं। कायनात पाकिस्तान की दूसरी पूर्व महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने हाल के दिनों में मैच अधिकारी बनने की राह चुनी है। उनसे पहले ऐमन अनवर ने अगस्त में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मैच रेफरी के रूप में अपना नया करियर शुरू किया था।