भारतीय वनडे क्रिकेट टीम में लंबे समय से चली आ रही सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाज की पहेली जल्द ही सुलझ सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से पूर्व कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा खुलासा किया है।
गिल का मानना है कि चोट से उबरकर हार्दिक पंड्या के मैदान पर लौटते ही टीम का बिगड़ा संतुलन पूरी तरह दुरुस्त हो जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि हार्दिक किसी भी मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं और उनके आते ही नंबर सात और आठ का संयोजन तय हो जाएगा, जिससे भारतीय बल्लेबाजी बेहद मजबूत और संतुलित दिखेगी।
कप्तान गिल के इस बयान ने साल 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के शुरुआती सात खिलाड़ियों की तस्वीर लगभग साफ कर दी है। टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं के हालिया रुख से तय है कि रोहित शर्मा 2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे और कप्तान शुभमन गिल के साथ ओपनिंग संभालेंगे। नंबर तीन पर विराट कोहली और चार पर श्रेयस अय्यर की जगह पक्की है, जबकि नंबर पांच पर केएल राहुल ने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खुद को पूरी तरह स्थापित कर लिया है। रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में नंबर छह पर फॉर्म में चल रहे ऑलराउंडर अक्षर पटेल पहली पसंद होंगे और नंबर सात पर हार्दिक पंड्या टीम को फिनिशिंग पावर देंगे। यानी टॉप-7 का मजबूत ढांचा तैयार है।
हालांकि, निचले क्रम और रिजर्व बेंच को लेकर अभी कई पेंच फंसे हुए हैं। चूंकि अगला वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीकी पिचों पर होना है, जहां तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका अहम होगी, ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिल सकता है जबकि वाशिंगटन सुंदर की राह कठिन हो सकती है। युवा नमन धीर के चयन पर भी अभी स्पष्टता नहीं है। बैकअप विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं, क्योंकि वे ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर दोनों जगह फिट बैठते हैं; ऐसे में यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ के लिए जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है। सबसे बड़ा सस्पेंस गेंदबाजी यूनिट को लेकर है, जहां अभी किसी का स्थान तय नहीं दिख रहा।
गिल ने हार्दिक की फिटनेस पर अपडेट देते हुए बताया कि वे भारत ए के मुकाबलों से पहले चोटिल हो गए थे, लेकिन उम्मीद है कि वे घरेलू क्रिकेट खेलकर जल्द अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करेंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि टॉप-4 के दाएं हाथ के बल्लेबाजों के बाद नंबर 5 और 6 के क्रम को परिस्थितियों के हिसाब से लचीला रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अक्षर पटेल को प्रमोट किया जाएगा या फिर राहुल को तेजी से रन बनाने उतारा जाएगा। ऑकलैंड के ईडन पार्क की छोटी बाउंड्रीज का जिक्र करते हुए गिल ने कहा कि यहां की तेज और उछाल भरी परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका के काफी करीब हैं, और इस दौरे पर जीत टीम का मनोबल सातवें आसमान पर ले जाएगी।