Bhuvi T20I Record In New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर से 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है. इस सीरीज में भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार टीम इंडिया के लिए वापसी कर रहे हैं.
वह करीब 4 साल बाद भारतीय टीम की नीली जर्सी में दिखाई देंगे. अब फैंस भी भुवी को एक बार फिर मैदान पर देखने के लिए बेताब हैं. भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से IPL और घरेलू टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उनके इसी फॉर्म को देखते हुए सिलेक्टर्स उन्हें टीम इंडिया में वापसी का मौका दिया है. वैसे तो भुवनेश्वर कुमार का टी20 इंटरनेशनल में शानदार रिकॉर्ड रहा है. हालांकि इस बीच फैंस के मन में यह भी सवाल है कि न्यूजीलैंड में भुवी का रिकॉर्ड कैसा है? आइए जानते हैं कि कीवी धरती पर भुवी के आंकड़े…
कीवी धरती पर कैसा है भुवी का रिकॉर्ड?
भुवनेश्वर कुमार ने अभी तक भारत के लिए 88 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 86 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 6.96 की शानदार इकॉनमी से 90 विकेट लिए हैं. उनका एवरेज 23.1 का रहा है. हालांकि भुवी के करियर के मुकाबले न्यूजीलैंड में उनका रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं रहा है. भुवी ने न्यूजीलैंड में कुल 5 मैच खेले हैं, जिसमें 4 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान भुवी ने 19 ओवर गेंदबाजी करते हुए 8.40 की इकॉनमी से 160 रन लुटाए हैं, जो किसी देश में उनका सबसे महंगा इकॉनमी रेट है. न्यूजीलैंड में उनका गेंदबाजी औसत 40.00 और स्ट्राइक रेट 28.5 का रहा है.
भुवी से फैंस को काफी उम्मीदें
36 साल के भुवनेश्वर कुमार लंबे समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. ऐसे में फैंस को उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीदें हैं. फैंस को उम्मीद है कि भुवी एक बार फिर अपनी स्विंग गेंदबाजी से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर कहर बरपाएंगे. भुवनेश्वर कुमार ने IPL 2025 और IPL 2026 में लगातार 2 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
भारत-न्यूजीलैंड का टी20 शेड्यूल
भारत के न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज से होगी. यह सीरीज 22 अक्टूबर से खेली जाएगा, जिसका पहला मैच गुरुवार को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल मैदान पर होगा. इसके बाद 24 अक्टूबर को दूसरा टी20 मैच भी इसी मैदान पर खेला जाएगा. फिर तीसरा टी20 मुकाबला वेलिंग्टन के मैदान पर खेला जाएगा, जो 27 अक्टूबर को होगा, जबकि चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा. वहीं, सीरीज का आखिरी और पांचवां टी20 मैच 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में होगा. ये सभी मुकाबले दोपहर 12:30 बजे से शुरू होंगे.