भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे का धमाकेदार आगाज किया था। शुरुआती तीन मैच जीतकर टी20 सीरीज अपने नाम कर ली थी लेकिन पिछले दो मैचों में न्यूजीलैंड ने घरेलू सरजमीं पर खेली गई सीरीज में दमदार वापसी की।
न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में खेले गए पांचवें मुकाबले में भारत को सात विकेट से हराया। भारत ने 3-2 से पांच मैचों की टी20 सीरीज जीती लेकिन न्यूजीलैंड ने आखिरी दो मैचों में श्रेयस अय्यर की टीम पर भारी पड़ी। पांचवें टी20 मैच में 192 रनों के लक्ष्य को हासिल करके न्यूजीलैंड ने रन चेज के मामले में भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बना दिया है।
टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड का सबसे सफल रन चेज
न्यूजीलैंड की टीम ने टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ एक बार 200 से अधिक रनों के टारगेट को सफलतापूर्वक हासिल किया। कीवी टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2012 में ये कारनामा किया है। पाकिस्तान के खिलाफ 2023 में टीम ने रावलपिंडी में 194 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। वहीं भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पांचवें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 192 रनों के लक्ष्य को 12 गेंद रहते ही हासिल कर लिया। इससे पहले 2023 में टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 183 रनों के टारगेट को चेज किया था। वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ 2026 में चेन्नई में टीम ने 183 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था।
192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को पहला झटका दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने फिन ऐलन (दो) को आउट कर दिया। इसके बाद डेरिल मिचेल ने टिम साइफर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। नौवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने डैरिल मशेल (29) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद शतक की ओर बढ़ रहे टिम साइफर्ट को नीतीश कुमार रेड्डी ने अपना शिकार बना लिया। साइफर्ट ने 50 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 93 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। ग्लेन फिलिप्स ने 38 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 65 रनों की मैच विजयी पारी खेली। बेवन जैकब्स एक रन बनाकर नाबाद रहे।
सैंटनर का बयान
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने शुरुआती तीन मुकाबलों में अहम मौकों पर टीम के चूकने पर निराशा जताई। इन तीनों मैच में न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा था। सैंटनर ने कहा, ”हम इस शृंखला की समीक्षा करेंगे। हमें पता है कि मुकाबला बेहद करीबी था और भारत एक अच्छी टीम है। शुरुआती दो मैच में कुछ ऐसे छोटे-छोटे मौके थे जहां हम शायद मैचच जीत सकते थे या हमें जीतना चाहिए था। अगर ऐसा होता तो सीरीज का नतीजा कुछ और हो सकता था।”