न्यूजीलैंड के हालात भुवी के लिए परफेक्ट, नई गेंद उन्हें ही मिलनी चाहिए, भुवनेश्वर के समर्थन में उतरे पूर्व क्रिकेटर

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज में भुवनेश्वर कुमार लंबे समय बाद टीम इंडिया के लिए खेलते दिखेंगे। ऐसे में उनकी वापसी चर्चा का विषय बनी हुई है और सभी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि न्यूजीलैंड में 5 मैचों की टी-20 सीरीज में नई गेंद के साथ भुवनेश्वर कुमार टीम की पहली पसंद होने चाहिए। पुजारा के अनुसार, वहां के हालात इस स्विंग गेंदबाज के लिए बहुत अनुकूल हैं, जिससे वह शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

भुवनेश्वर ने बेंगलुरु में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच के जरिए भारतीय टीम में वापसी की थी। हालांकि, बारिश के कारण वह मैच धुल गया था और उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला था। अब गुरुवार से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में शुरू होने वाली सीरीज में उनसे काफी उम्मीदें होंगी।

नई गेंद से भुवनेश्वर होंगे पहली पसंद

पुजारा ने जियोस्टार पर कहा, ‘न्यूजीलैंड के हालात को देखते हुए नई गेंद के साथ भुवनेश्वर पहली पसंद होने चाहिए क्योंकि उनके पास गेंद को स्विंग कराने की बेहतरीन कला है। अगर न्यूजीलैंड में गेंद स्विंग नहीं करेगी, तो फिर कहां करेगी? वहां के हालात उनके लिए एकदम सही हैं। अगर पिच से थोड़ी भी मदद मिलती है, तो वह नई गेंद के साथ पिच से बेहतरीन मूवमेंट निकाल सकते हैं।’

 

 

 

मुश्किल हालातों में कमाल करके आए हैं भुवनेश्वर

भारत के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने कहा कि भुवनेश्वर ने आईपीएल में लगातार दो सीजन तक शानदार प्रदर्शन करके टीम में अपनी वापसी पक्की की है। उन्होंने मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए ऐसे समय में गेंदबाजी की, जब खेल के हालात तेज गेंदबाजों के लिए बिल्कुल भी मददगार नहीं थे। नायर ने कहा, ‘आईपीएल में पिचें तेज गेंदबाजों के लिए मददगार नहीं होतीं बल्कि काफी सपाट होती हैं। इसके बावजूद, पिछले दो वर्षों से वह पारी की शुरुआत में दो ओवर और अंत में दो ओवर फेंक रहे हैं, जो खेल के सबसे मुश्किल चरण होते हैं। ऐसा करने के लिए अनुभव की जरूरत होती है। आपको एक ऐसे गेंदबाज की आवश्यकता होती है जो हालात को समझे और उनका पूरा फायदा उठा सके। भुवनेश्वर कुमार की काबिलियत पर तो कभी कोई सवाल ही नहीं रहा।’

लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे भुवनेश्वर

नायर ने इस तेज गेंदबाज के करियर की तुलना भारतीय टेस्ट टीम में बल्लेबाज के तौर पर पुजारा के समय से की। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत ज्यादा खुश हूं कि भुवनेश्वर को मौका मिला है, क्योंकि इतने वर्षों से वह एक ऐसे गेंदबाज रहे हैं, जैसे बल्लेबाज के तौर पर चेतेश्वर पुजारा रहे। आप तब तक उन पर ध्यान नहीं देते, जब तक कि आप खास तौर पर उनकी बात न कर रहे हों। जब ​​आप उनके आंकड़े देखते हैं, तो आपको उनका प्रदर्शन और निरंतरता नजर आती है। चाहे वह घरेलू क्रिकेट खेल रहे हों, डीवाई पाटिल टूर्नामेंट में हों या फिर आईपीएल में। इसी वजह से मैं बहुत खुश हूं कि वह टीम में हैं।

Leave a Comment