भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है। इस सीरीज में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर भी नजरें रहेंगी। करीब चार साल बाद भारतीय टीम में लौटे भुवी के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने करियर में दो बड़े मुकाम हासिल करने का मौका होगा।
हालांकि इसके लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने के साथ विकेट भी लेने होंगे।
भुवनेश्वर की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का इंतजार वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 से था लेकिन बेंगलुरु में बारिश के कारण उनका मुकाबला नहीं हो सका। अब न्यूजीलैंड दौरे पर उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
भुवी के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अब तक 87 टी20 मैचों में 90 विकेट लिए हैं। वह इस फॉर्मेट में 100 विकेट पूरे करने से सिर्फ 10 विकेट दूर हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।
भारत के लिए इस फॉर्मेट में अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल 100 विकेट का आंकड़ा पार कर चुके हैं। भुवनेश्वर के पास इस उपलब्धि के जरिए अपने अनुभव और निरंतरता को फिर साबित करने का मौका होगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करने का मौका
भुवनेश्वर कुमार के नाम तीनों अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट को मिलाकर 294 विकेट दर्ज हैं। यानी वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करने से सिर्फ छह विकेट दूर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अगर उनका प्रदर्शन अच्छा रहता है, तो वह इस मुकाम तक पहुंच सकते हैं।
IPL में भी शानदार रहा है प्रदर्शन
भुवनेश्वर कुमार ने हाल के IPL सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2025 और 2026 के IPL सीजन में कुल 31 मैचों में 45 विकेट लिए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 22.55 रहा।