विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन गेंदबाजी में किसी भी मौजूदा खिलाड़ी का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है, क्योंकि टीम इंडिया इस बार युवा गेंदबाजों की फौज लेकर उतरी है।
इस लिस्ट में पहले नंबर पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 वनडे मुकाबलों में 51 विकेट हासिल किए। श्रीनाथ ने 1992 से 2003 के बीच कीवी टीम के खिलाफ गेंदबाजी की। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 20.41 रहा, जबकि इकॉनमी रेट 3.93 की थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23 रन देकर 4 विकेट रहा। श्रीनाथ ने अपने पूरे वनडे करियर में 229 मैच खेले और 315 विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/23 रहा। वह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
2. अनिल कुंबले – 39 विकेट
दूसरे नंबर पर भारत के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले का नाम है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 31 वनडे मुकाबलों में 39 विकेट चटकाए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 27.84 और इकॉनमी रेट 4.11 रहा। कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन देकर 5 विकेट है। कुंबले ने अपने वनडे करियर में कुल 271 मुकाबले खेले और 337 विकेट हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/12 रहा। वह वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। कुंबले अपनी सटीक लाइन-लेंथ और लगातार विकेट निकालने की क्षमता के लिए मशहूर रहे।
3. मोहम्मद शमी – 38 विकेट
इस सूची में तीसरे स्थान पर अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल 16 वनडे मैचों में 38 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 21.15 रहा है। कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 57 रन देकर 7 विकेट है। यह किसी भी भारतीय गेंदबाज का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शमी ने अपने वनडे करियर में अब तक 108 मुकाबले खेले हैं और 206 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 24 के आसपास रहा है। शमी ने 5 बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है। हालांकि, वह लंबे समय से भारतीय वनडे टीम से बाहर हैं और वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अगर वह फिटनेस और फॉर्म हासिल कर लेते हैं तो इस सूची में अपने विकेटों की संख्या और बढ़ा सकते हैं।
4. कपिल देव – 33 विकेट
भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर कपिल देव इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 वनडे मैचों में 33 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 27.60 और इकॉनमी रेट 3.44 रहा। कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 26 रन देकर 3 विकेट है। कपिल देव ने अपने पूरे वनडे करियर में 225 मुकाबले खेले और 253 विकेट हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/43 रहा। कपिल अपनी स्विंग गेंदबाजी और शानदार नियंत्रण के लिए जाने जाते थे। गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी उनका योगदान भारतीय टीम के लिए बेहद अहम रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने 1983 में पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब जीता था।
5. जहीर खान – 30 विकेट
इस सूची में पांचवें स्थान पर बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 वनडे मुकाबलों में 30 विकेट चटकाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन देकर 4 विकेट रहा। जहीर ने अपने पूरे वनडे करियर में 200 मुकाबले खेले और 282 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 29.43 रहा। जहीर खान अपनी रिवर्स स्विंग और सटीक यॉर्कर के लिए मशहूर थे। 2011 वनडे विश्व कप में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी और 21 विकेट लेकर संयुक्त रूप से टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान बेहद अहम रहा है।