केप टाउन : चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम से बाहर हो गए है। टीम में उनकी जगह नाकोबानी मोकोएना को बुलाया गया है।
पिछले सप्ताह टाइटन्स और डॉल्फ़न्सि के बीच घरेलू प्रथम श्रेणी सीजन के पहले मैच में एनगिडी की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।
बुधवार को हुए स्कैन से पुष्टि हुई कि उन्हें ठीक होने के लिए कुछ समय लगेगा। कगिसो रबाडा और ओटनिल बाटर्मैन के बाद एनगिडी तीसरे तेज गेंदबाज हैं जो इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। पिछले सप्ताह एनगिडी ने डॉल्फन्सि की पहली पारी में आठ ओवर और दूसरी पारी में 8.3 ओवर फेंके। यह उनके साथी तेज़ गेंदबाजों माकर जानसन और बेयर्स स्वानपओल की तुलना में कम था, जिन्होंने क्रमश: 26 और 20.3 ओवर फेंके थे।
एनगिडी कुछ समय के लिए मैदान से बाहर भी रहे, लेकिन वापस लौटे और मैच के अंत में मौजूद थे। तब तक डॉल्फन्सि के लिए खेल रहे बाटर्मैन भी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण बल्लेबाज़ी करने में असमर्थ हो गए थे। एनगिडी की जगह 20 साल के तेज गेंदबाज नाकोबानी मोकोएना को वनडे टीम में शामिल किया गया है। मोकोएना को दक्षिण अफ्रीका के नामीबिया दौरे के दौरान अपनी पहली वनडे कैप मिली थी।
मोकोएना वेस्टर्न प्रोविंस के खिलाफ फर्स्ट-क्लास मुकाबले में डॉल्फन्सि के लिए खेल रहे थे और उन्होंने पहले दिन 19 ओवर फेंके, जिसमें 78 रन देकर 1 विकेट लिया। उन्हें वनडे की तैयारी के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में शामिल होने के लिए उस मैच से हटा दिया गया है और उनकी जगह बयांडा माजोला को टीम में लिया गया है। वनडे में तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान जानसन संभालेंगे, जिनके जुड़वां भाई डुआन भी टीम में हैं। अन्य तेज गेंदबाजी विकल्पों में कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी और क्वेना मापाका शामिल हैं।