डे-टेस्ट में पिंक बॉल, समय बर्बाद करने पर सजा. ICC ने बदले क्रिकेट के कई नियम

ICC New Playing Conditions: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने क्रिकेट के नियमों और प्लेइंग कंडीशंस में बड़े बदलावों का ऐलान किया है. ये नए नियम 1 अक्टूबर 2026 या उसके बाद शुरू होने वाली सभी इंटरनेशनल सीरीज पर लागू हो गए हैं, वहीं पहले से चल रही सीरीज पुराने नियमों के तहत ही पूरी की जाएंगी.

यानी भारतीय टीम जो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है, उसमें ये नए नियम लागू नहीं होंगे. हालांकि, इन नए नियमों के बाद खेल और रोमांचक होने वाला है.

सभी फॉर्मेट के लिए लागू हुए बड़े नियम

  • समय बर्बाद करने पर बल्लेबाजों पर 5 रन की पेनल्टी- अगर कोई बल्लेबाज निर्धारित समय सीमा के अंदर गेंद का सामना करने के लिए तैयार नहीं होता है, तो पहली गलती पर चेतावनी, दूसरी गलती पर आखिरी चेतावनी और तीसरी या उसके बाद की हर गलती पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन दे दिए जाएंगे. बार-बार ऐसा करने पर कोड ऑफ कंडक्ट के तहत कार्रवाई भी हो सकती है.
  • महिला और जूनियर क्रिकेट गेंदों के लिए नए मानक- पुरुषों की तरह अब महिला और जूनियर क्रिकेट के लिए भी गेंदों के वजन और आकार की तीन अलग-अलग कैटेगरी तय कर दी गई हैं. पहले निर्माता दोनों के लिए अकसर एक ही गेंद बनाते थे, लेकिन अब महिलाओं के लिए ज्यादा सख्त टॉलरेंस सीमा लागू की गई है.
  • ओवरथ्रो और मिसफील्ड के नए नियम- रन रोकने या रन-आउट करने के इरादे से स्टंप्स की ओर गेंद फेंकने को ही ओवरथ्रो माना जाएगा. गेंद को रोकने या किसी दूसरे फील्डर को पास करने के दौरान हुई गलती मिसफील्ड मानी जाएगी, ओवरथ्रो नहीं.
  • डेड पर अंपायर का फैसला- अंपायर को अब यह तय करने की पूरी छूट होगी कि गेंद कब डेड या सेटल्ड हो चुकी है. अब गेंद का गेंदबाज या विकेटकीपर के हाथों में होना जरूरी नहीं है, जिससे रोमांचक आखिरी पलों में क्लियरिटी रहेगी.
  • रन-आउट/स्टंपिंग के लिए गेंद पर पूरा कंट्रोल जरूरी- विकेट बिखेरते समय सिर्फ हाथ का गेंद से छूना पर्याप्त नहीं होगा, फील्डर का गेंद पर पूरी तरह से कंट्रोल होना जरूर कर दिया गया है.

टेस्ट क्रिकेट के लिए खास बदलाव

  • डे टेस्ट में पिंक बॉल का ट्रायल- खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की समस्या से निपटने के लिए दोनों टीमें आपसी सहमति से दिन के टेस्ट मैचों में भी पिंक बॉल के उपयोग पर सहमत हो सकती है. यह फैसला मैच शुरू होने से पहले लेना होगा और पूरे मैच में सिर्फ पिंक बॉल ही चलेगी. मैच के बीच में लाल से गुलाबी गेंद में बदलाव की इजाजत नहीं होगी.
  • आखिरी ओवर में विकेट गिरने पर दिन का खेल खत्म नहीं- अगर दिन के आखिरी ओवर में कोई विकेट गिरता है और ओवर की कुछ गेंदें बची हैं, तो खेल खत्म नहीं होगा. बची हुई गेंदें उसी दिन फेंकी जाएंगी.

वनडे और टी20 के नियम

  • वाइड बॉल का नया नियम अब स्थायी- बल्लेबाज के क्रीज पर मूवमेंट को देखते हुए गेंदबाजों को राहत देने वाला नियम अब स्थायी रूप से जोड़ दिया गया है. डिलीवरी के समय बल्लेबाज के पैरों की शुरुआती स्थिति को ही वाइड का संदर्भ बिंदु माना जाएगा, भले ही बल्लेबाज बाद में ऑफ स्टंप की तरफ मूव कर जाए.
  • ड्रिंक्स ब्रेक में हेड कोच की मैदान पर एंट्री- वनडे और टी20I दोनों में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच को मैदान पर आकर रणनीति शेयर करने की आधिकारिक इजाजत दे दी गई है.
  • टी20 में 15 मिनट का फिक्स्ड ब्रेक- टी20 इंटरनेशनल मैचों में अब दो पारियों के बीच 15 मिनट का ब्रेक होगा, जिसे समय की बर्बादी होने पर 10 मिनट तक घटाया जा सकता है.

Leave a Comment