टेस्ट क्रिकेट में 100 साल बाद दिखा अनोखा अजूबा, गकेबरहा में ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका के बीच बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में शुरू हो गया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, इस मैच की शुरुआत के साथ ही पुरुषों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 100 साल बाद एक बेहद अनोखा और हैरतअंगेज रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

इस मुकाबले में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन मिलाकर कुल 19 खिलाड़ी ऐसे हैं जिनकी उम्र 30 साल या उससे अधिक है। टेस्ट इतिहास में 1926 के बाद यह पहला मौका है जब किसी मैच में 30 प्लस उम्र के इतने अधिक खिलाड़ी एक साथ मैदान पर उतरे हैं।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में सभी खिलाड़ी 30 पार, नॉटिंघम में बना था ऑल-टाइम रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया की पूरी प्लेइंग इलेवन में एक भी खिलाड़ी 30 साल से कम उम्र का नहीं है। टीम में सबसे युवा मैट रेनशॉ हैं, जबकि स्टीव स्मिथ और स्कॉट बोलैंड 37 साल के हैं। वहीं साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन में 8 खिलाड़ी 30 प्लस उम्र के हैं, जबकि सिर्फ 3 खिलाड़ी (मैथ्यू ब्रीट्जके, मार्को यानसन और वियान मुल्डर) ही 30 से कम उम्र के हैं। पुरुषों के टेस्ट में 30 या उससे अधिक उम्र के खिलाड़ियों की सर्वाधिक संख्या का ऑल-टाइम रिकॉर्ड 1926 में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया (नॉटिंघम) मैच के नाम है, जहां 20 खिलाड़ी 30+ उम्र के थे।

पुरुषों के एक टेस्ट मैच में 30 या उससे अधिक उम्र के सर्वाधिक खिलाड़ी:

खिलाड़ी संख्या मुकाबला वेन्यू साल
20 खिलाड़ी इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया नॉटिंघम 1926
19 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड सिडनी 1921
19 खिलाड़ी इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया लॉर्ड्स 1926
19 खिलाड़ी इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया लीड्स 1926
19 खिलाड़ी इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैनचेस्टर 1926
19 खिलाड़ी साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया गकेबरहा 2026

दोनों टीमों में हुए बदलाव, साउथ अफ्रीका के लिए सीरीज बचाने की चुनौती

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग-11 में स्पिनर नाथन लियोन की जगह तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को शामिल किया है। दूसरी ओर, 3 मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही साउथ अफ्रीका ने तीन बदलाव किए। मेजबान टीम में कगिसो रबाडा की वापसी हुई है, मार्कस एकरमैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है और मैथ्यू ब्रीट्जके को एक साल बाद टीम में जगह दी गई है। डरबन में पहला टेस्ट 214 रनों से हारने के बाद साउथ अफ्रीका के लिए गकेबरहा टेस्ट सीरीज में बने रहने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment