सलामी बल्लेबाज नारायण जगदीशन ने शतकीय पारी खेली है। इस मैच में तिलक वर्मा खेल रहे हैं और उनका प्रदर्शन भारत के लिए राहत की बात है।
जगदीशन ने 55 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 104 रनों की पारी खेली। उनके अलावा इंडिया-ए के कप्तान आयुष बडोनी ने भी अर्धशतक जमाया है। उन्होंने 26 गेंदों पर छह चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए हैं।
189 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन
इंडिया-ए ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी की। जगदीशन के साथ मैदान पर उतरे प्रियांश आर्या 28 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद मैदान पर उतरे तिलक वर्मा ने जगदीशन का साथ दिया दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की। 156 के कुल स्कोर पर तिलक आउट हो गए। उन्होंने 24 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रनों की पारी खेली। उनकी ये पारी भारत के लिए राहत की बात है क्योंकि वह टी20 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा हैं और चोट से वापसी कर रहे हैं।
तिलक को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले चोट लगी थी। इसके बाद वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोट पर काम करने चले गए थे और अब ठीक होकर वापस लौटे हैं। इस बीच जगदीशन ने अपना अवतार जारी रखा और तूफानी रफ्तार से रन बनाए। उन्होंने अमेरिकी गेंदबाजों का सामना करने में कोई परेशानी नहीं की और आसानी से शतक पूरा किया। 229 के कुल स्कोर पर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर उनका विकेट गिरा। इस बल्लेबाज ने 189.09 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
बडोनी ने दिया फाइनल टच
तिलक के जाने के बाद जगदीशन को बडोनी का साथ मिला। दोनों ने मिलकर 35 गेंदों पर 73 रनों की साझेदारी की। इसमें 54 रन बडोनी ने जोड़े थे और 15 रन जगदीशन ने। आखिरी में बडोनी का ही बल्ला चला और उन्होंने ही इंडिया-ए को 238 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।