भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 और वनडे सीरीज अपने नाम कर ली. टीम इंडिया ने इन दोनों सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया और मेजबान टीम को उसके घर में शिकस्त दी. मगर वनडे सीरीज जीतने के 3 दिन बाद भारतीय टीम को झटका लगा है.
आईसीसी ने आखिरी वनडे मैच में टीम इंडिया को कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी माना है और सजा दी है. सजा के रूप में भारतीय टीम की मैच फीस में कटौती की है. टीम इंडिया की गलती ये थी कि उन्होंने तय वक्त पर अपने ओवर पूरे नहीं किए.
टीम इंडिया का स्लो ओवर रेट
रविवार 15 नवंबर को भारत-न्यूजीलैंड के बीच माउंट माउनगानुई में ODI सीरीज का पांचवां और निर्णायक मैच खेला गया था. इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 209 रन बनाए थे. टीम इंडिया ने इसके बाद दमदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 187 रन पर ही ढेर कर दिया और मैच 22 रन से जीत लिया. मगर ये जीत हासिल करने की कोशिश में टीम इंडिया का ओवररेट काफी धीमा हो गया, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा है.
खिलाड़ियों को कितना हुआ नुकसान?
ICC ने 18 नवंबर को टीम इंडिया की सजा का ऐलान किया. अपनी प्रेस रिलीज में ICC ने बताया कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के मुताबिक, टीम इंडिया का ओवररेट धीमा था. ICC ने बताया कि तय समय के हिसाब से भारतीय टीम 7 ओवर पीछे थी. यानि 48.1 ओवर में टीम इंडिया ने मैच तो खत्म किया लेकिन ओवररेट बहुत धीमा था.
कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के आधार पर सभी भारतीय खिलाड़ियों की 35 फीसदी मैच फीस काटी गई है. हर ओवर के लिए 5 फीसदी मैच फीस काटी जाती है, इस आधार पर 7 ओवर के 35 फीसदी फीस कटौती हुई. आपको बता दें कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों को एक वनडे मैच के लिए 6 लाख रुपये मिलते हैं.