आखिरकार जिम्बाब्वे का सालों पुराना इंतजार खत्म हुआ. जिम्बाब्वे ने विदेशी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीत ही ली. अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे ने 57 रनों से जीत हासिल की.
जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को 418 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था जवाब में अफगानी टीम 360 रनों पर ढेर हो गई और जिम्बाब्वे ने 25 सालों के बाद विदेशी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीत ली. बड़ी बात ये है कि जिम्बाब्वे ने आखिरी ओवर में ये जीत हासिल की. ऐसा लग रहा था अफगानिस्तान की टीम इस मैच को ड्रॉ करा लेगी लेकिन ग्रेम क्रीमर की गेंद पर जियाउर रहमान का कैच कप्तान बैनेट ने लपक लिया और जिम्बाब्वे ने मैच और सीरीज अपने नाम कर ली.
जिम्बाब्वे ने ऐसे जीती टेस्ट सीरीज
जिम्बाब्वे ने शारजाह टेस्ट की पहली पारी में 339 रन बनाए. इनोसेंट काइया ने 96 रन बनाए और ब्रैंडन टेलर ने कमाल शतक लगाया. उन्होंने 119 रनों की पारी खेली. अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 217 रनों पर सिमट गई. ब्लेसिंग मुजरबानी ने 3 और विंसेंट मासेकेसा ने 4 विकेट लिए. दूसरी पारी में जिम्बाब्वे ने 295 रनों पर पारी घोषित की. ब्रैंडन टेलर ने 50 रन बनाए और ग्रेम क्रीमर ने भी 50 रनों की पारी खेली. ब्लेसिंग मुजरबानी ने 59 रन बनाए. अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में 360 रन बनाने में कामयाब रही लेकिन वो हार नहीं टाल सकी. नसीर खान मरूफखिल ने नाबाद 101 रन बनाए.
ये जीत ऐतिहासिक है
जिम्बाब्वे की ये जीत बहुत बड़ी है. विदेश में जिम्बाब्वे ने आखिरी टेस्ट सीरीज साल 2001 में बांग्लादेश के खिलाफ जीती थी. मतलब जिम्बाब्वे के कप्तान ब्रायन बेनेट भी उस जीत के 3 साल बाद पैदा हुए थे. ब्लेसिंग मुजरबानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस खिलाड़ी ने मैच में 6 विकेट झटके और एक अर्धशतक भी लगाया. वहीं 40 साल के ब्रैंडन टेलर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने, उन्होंने सीरीज में कुल 382 रन बनाए. 2016 के बाद पहली बार कोई 40 से ज्यादा उम्र का खिलाड़ी टेस्ट में प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता है.