क्लो ट्रायन की तूफानी पारी ने रेनेगेड्स को दिलाया WBBL नॉकआउट का टिकट, 17 गेंदों में ठोके 56 रन

बारिश से प्रभावित मुकाबले में  एक समय हार के करीब नजर आ रही थी, लेकिन साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायन ने अकेले दम पर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने मैदान पर उतरते ही चौकों-छक्कों की ऐसी बरसात की कि मेलबर्न स्टार्स के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।

ट्रायन की इस विस्फोटक पारी की बदौलत रेनेगेड्स ने रोमांचक जीत दर्ज कर महिला बिग बैश लीग यानी WBBL के नॉकआउट में जगह बना ली।

मेलबर्न रेनेगेड्स ने 28 नवंबर को खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में मेलबर्न स्टार्स को डकवर्थ लुईस यानी DLS नियम के तहत पांच विकेट से हराया। ट्रायन ने महज 17 गेंदों में नाबाद 56 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और चार छक्के लगाए। उनकी यह पारी WBBL इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे तेज अर्धशतकीय पारी भी रही।

29 रन पर गिर गए थे 4 विकेट

बारिश के कारण मैच को आठ ओवर का कर दिया गया था और रेनेगेड्स को जीत के लिए 100 रन का लक्ष्य मिला था। हालांकि, टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 29 रन के स्कोर पर उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे मुश्किल समय में ट्रायन ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। रेनेगेड्स ने 7.5 ओवर में पांच विकेट पर 103 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इससे पहले मेलबर्न स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की थी। मेग लैनिंग और एमी जोन्स ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन बनाए। लैनिंग 38 और जोन्स 34 रन बनाकर नाबाद रहीं। बारिश के कारण खेल दो बार रोकना पड़ा। स्टार्स ने 8.5 ओवर में बिना विकेट गंवाए 75 रन बनाए थे, जिसके बाद रेनेगेड्स को संशोधित लक्ष्य दिया गया।

एक ओवर में बने 29 रन

लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रायन ने किम गार्थ के पांचवें ओवर में मैच का पूरा रुख बदल दिया। इस ओवर में कुल 29 रन आए, जिसमें ट्रायन ने एक छक्का और चार चौके लगाए। गार्थ ने इस दौरान चार वाइड और एक नो-बॉल भी फेंकी। इसके बाद रेनेगेड्स को आखिरी तीन ओवर में 38 रन की जरूरत थी।

ट्रायन ने चार्ली डीन के अगले ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। आखिरी ओवर में टीम को 13 रन चाहिए थे और ट्रायन ने सोफी डे की गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन रेनेगेड्स ने WBBL नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली।

Leave a Comment