क्या दिल्ली से छिन जाएगा भारत श्रीलंका वनडे? बुरी खबर

भारतीय क्रिकेट टीम का श्रीलंका के खिलाफ पहला वनडे मैच दिल्ली में शायद नहीं होगा. 13 दिसंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर ले जाया जा सकता है.

इसकी वजह है स्टेडियम के मैदान का चल रहा बड़ा काम. मार्च में जब भारतीय टीम के घरेलू मैचों का शेड्यूल आया था, तब दिल्ली को इस मैच की मेजबानी मिली थी. लेकिन मैदान पर इतना बड़ा काम चल रहा है कि अगले महीने तक स्टेडियम के तैयार होने पर सवाल खड़े हो गए हैं.

मैदान में बड़ा बदलाव

DDCA पुराने मैदान को हटाकर रेत आधारित नई पिच बना रहा है. इस बदलाव का मकसद बारिश के बाद मैदान को जल्दी सूखने में मदद करना और पानी जमा होने की समस्या को कम करना है. ताकि बारिश के बाद मैच जल्दी शुरू हो सके. इस बड़े काम के चलते स्टेडियम में अब आईपीएल 2027 तक कोई बड़ा क्रिकेट मैच होने की संभावना कम है. दिसंबर की समय सीमा करीब है, और ऐसे में दिल्ली के  वनडे की मेजबानी बरकरार रखने की उम्मीदें बहुत कम दिख रही हैं.

इस प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने द हिंदू को बताया कि काम पूरा होने में करीब चार महीने लगेंगे. सूत्र ने रेत आधारित मैदानों के फायदों के बारे में भी बताया, जैसे मुल्लांपुर और लखनऊ जैसे स्टेडियमों में भी ऐसे ही मैदान हैं. सूत्र ने कहा, “जब काम पूरा हो जाएगा, तो बारिश होने पर पूरे मैदान को ढकने की जरूरत नहीं होगी. मैदान पर पानी नहीं जमेगा.”

कोहली और घरेलू क्रिकेट पर असर

अगर ये मैच दिल्ली से बाहर जाता है, तो विराट कोहली को अपने घरेलू शहर में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका नहीं मिलेगा. पूर्व भारतीय कप्तान ने 2023 विश्व कप के बाद से अरुण जेटली स्टेडियम में कोई वनडे नहीं खेला है. भारत ने आखिरी बार इस मैदान पर 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया था. इस मैदान के काम का असर दिल्ली के घरेलू क्रिकेट पर भी पड़ा है. DDCA ने रणजी ट्रॉफी के घरेलू मैच पालम के एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड में शिफ्ट कर दिए हैं. दिल्ली ने हाल ही में गुजरात के खिलाफ पालम में ड्रॉ खेला था, और अब सोमवार से सर्विसेज के खिलाफ वहीं खेलेगी.

BCCI का बदला रुख

पिछले महीने BCCI ने दिल्ली से मैच हटने की संभावना को खारिज कर दिया था. सचिव देवाजीत सैकिया ने उन खबरों को गलत बताया था जिनमें कहा गया था कि 13 दिसंबर का मैच अहमदाबाद शिफ्ट हो सकता है.हालांकि, मैदान के काम के पूरा होने को लेकर अनिश्चितता ने एक बार फिर मेजबानी के सवाल को सामने ला दिया है. इंडिया टुडे डिजिटल ने इस बारे में DDCA से संपर्क किया, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है.

Leave a Comment