कोच ने कहा मोहम्मद शमी पूरी तरह फिट, टीम से बाहर होने पर दिया बयान

मोहम्मद शमी पूरी तरह फिट हैं, यह कहना है बंगाल टीम के हेड कोच लक्ष्मीरत्न शुक्ला का. शमी ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के पहले मैच में शमी ने दिल्ली के खिलाफ 5 विकेट चटकाए थे. इसलिए सर्विसेज के खिलाफ मैच की प्लेइंग इलेवन से उनका बाहर होना चौंकाने वाला निर्णय रहा.

मगर लक्ष्मीरत्न शुक्ला ने साफ कर दिया है कि शमी को इस मैच के लिए आराम दिया गया था.

दूसरी ओर मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में वापस लाए जाने की मांग ने जोर पकड़ा हुआ है. एक तरफ वह टीम इंडिया से बाहर हैं, ऐसे में उनका बंगाल की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर होना बड़े सवाल खड़े कर रहा था. मुकाबले की बात करें तो पहले दिन बंगाल की टीम मात्र 184 रनों पर सिमट गई थी. वहीं पहले दिन का खेल खत्म होने तक सर्विसेज ने 83 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए हैं. बंगाल की टीम शमी के बिना भी अच्छी पोजीशन में है.

शमी पूरी तरह फिट

पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद मीडिया से वार्ता के दौरान कोच लक्ष्मीरत्न शुक्ला ने कहा, “शमी फिट हैं, उन्हें आराम दिया गया था. उन्होंने पिछले राउंड में दिल्ली के खिलाफ काफी ओवर गेंदबाजी की थी. उन्होंने खुद आराम दिए जाने की मांग की थी. वह चीता है. शमी के आराम लेने की वजह से हमें नए चेहरों को मौका देने का अवसर भी मिला.”

मोहम्मद शमी ने दिल्ली के खिलाफ मैच की पहली पारी में 17.3 ओवर बॉलिंग की थी. वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 18 ओवर गेंदबाजी की. पूरे मैच में शमी ने 35.3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए. उस मुकाबले को बंगाल ने 9 विकेट से आसानी से जीत लिया था.

फिटनेस पर खुद दे चुके हैं जवाब

जब अजीत अगरकर चीफ सेलेक्टर थे, तब मोहम्मद शमी को लेकर कहा गया था कि पूरी तरह फिट ना होने के कारण उनकी टीम इंडिया में वापसी नहीं हो पा रही है. वहीं रणजी ट्रॉफी 2026-27 में दिल्ली के खिलाफ मैच के बाद खुद शमी ने कहा कि वे पूरी तरह फिट हैं.

शमी ने कहा, “आप सब मेरी फिटनेस देख सकते हैं. सब मुझे देख रहे हैं. मैं मैदान पर खेलने उतर रहा हूं, मैं जहां चाहता हूं वहां खेल पा रहा हूं. मेरा काम है सिर्फ गेंदबाजी करते रहना.”

Leave a Comment