न्यूजीलैंड दौरे पर अब भारतीय क्रिकेट टीम को सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना है. भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से और पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की, लेकिन टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड को उसके घर पर हराना टीम इंडिया के लिए सबसे मुश्किल चुनौती होगी.
न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का रिकॉर्ड टेस्ट फॉर्मेट में अच्छा नहीं रहा है. भारतीय टीम यहां अब तक सिर्फ पांच टेस्ट मैच ही जीती है. अपने पिछले दौरे पर भारत एक भी टेस्ट मैच नहीं जीता था, और न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया का सूपड़ा साफ किया था. हालांकि, इस बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भारतीय टीम के लिए यह सीरीज काफी अहम है.
टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह भी एक्शन में दिखेंगे. कप्तान शुभमन गिल के पास न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीतने के लिए एक मजबूत टीम है. हालांकि, उनके लिए ऋषभ पंत की फिटनेस चिंता का विषय जरूर है. 2024 में न्यूजीलैंड की टीम जब भारत दौरे पर आई थी तो तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप दी थी. ऐसे में अब भारतीय टीम हिसाब बराबर करना चाहेगी.
कब, कहां और किस दिन खेला जाएगा पहला टेस्ट?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी गुरुवार, 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार, सुबह तीन बजे मैच का टॉस होगा, वहीं साढ़े तीन बजे से मैच की शुरुआत होगी. वेलिंगटन में टीम इंडिया पिछले 58 सालों से कोई टेस्ट मैच नहीं जीती है. हालांकि, कीवी टीम में अब कई नए प्लेयर हैं. वहीं मिचेल सैंटनर भी चोटिल हो गए हैं. ऐसे में अब भारतीय टीम के पास आंकड़े बदलने का सुनहरा मौका है.
कहां और कैसे देखें लाइव?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह टेस्ट मैच आप टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देख सकेंगे. वहीं मोबाइल पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप्प पर उपलब्ध रहेगी. दोनों जगह आप हिंदी और अंग्रेजी में कमेंट्री का लुत्फ उठा सकेंगे. इसके अलावा abplive.com पर भी आपको मैच के सारी अपडेट्स और लाइव स्कोर की जानकारी मिल जाएगी.
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन- टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल/वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बराड़/मोहम्मद सिराज, आकाशदीप और जसप्रीत बुमराह