ऑस्ट्रेलिया पर कहर बनकर टूटी इंडिया ए, आधी से ज्यादा टीम ने झटके विकेट, इतने रन पर किया ढेर

India A vs Australia A: पुडुचेरी में इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच दूसरे वनडे मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.5 ओवरों में 275 रनों पर सिमट गई. भारत की ओर से इस्तेमाल किए गए सभी छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट अपने नाम किया, जिसके चलते अच्छी साझेदारियों के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गई.

कॉन्स्टस-फिलिप के अर्धशतक, फिर लड़खड़ाई पारी

टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए की शुरुआत झटके के साथ हुई. तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने सलामी बल्लेबाज मिशेल ओवेन को सूर्यांश शेडगे के हाथों कैच आउट कराकर पहला झटका दिया. इसके बाद सैम कॉन्स्टस और विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की मजबूत साझेदारी की. फिलिप ने 58 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 58 रन बनाए, जिन्हें निशांत सिंधु ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया.

सैम कॉन्स्टस ने 88 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की बदौलत 67 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्हें अरशद खान ने विकेटकीपर कुशाग्र के हाथों लपकवा दिया. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान नाथन मैकस्वीनी 32 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन अरशद खान और यश ठाकुर के सटीक थ्रो पर वो रन आउट हो गया.

हर भारतीय गेंदबाज को मिली सफलता

इस मुकाबले में भारत की ओर से अरशद खान ने 9 ओवर में 56 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. उन्होंने सैम कॉनस्टस, निखिल चौधरी और तनवीर सांघा के कीमती विकेट निकाले. वहीं, यश ठाकुर ने 8.5 ओवर में 46 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं. इसके अलावा विपराज निगम, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय को 1-1 विकेट मिला. बता दें, इस सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 0-1 से पीछे चल रही है, टीम को पहले मुकाबले में एक बड़ी हार का सामना करना पड़ा था.

Leave a Comment