एशियन गेम्स के लिए आइची-नागोया (जापान) जाने वाली भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया है. अफगानिस्तान के खिलाफ टीम स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल हुए थे, जो इस वजह से आगामी एशियन गेम्स से भी बाहर हो गए हैं.
सिलेक्टर्स ने उनकी जगह युवा ऑलराउंडर विपराज निगम को चुना है. 22 वर्षीय यह युवा लेग स्पिन ऑलराउंडर घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हैं, जबकि आईपीएल में वह बीते 2 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं. उन्होंने 2025 में ही अपने आईपीएल करियर की शुरुआत कर इस फॉर्मेट में प्रभाव छोड़ा है.
एशियाई खेल 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में शुरू होंगे. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘वरुण अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं. विपराज निगम और कुलदीप यादव के रूप में हमारे पास दो विकल्प थे. कुलदीप इस महीने के आखिर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे.’
चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. उन्हें पूर्ण फिटनेस हासिल करने में अभी कुछ समय लगने की संभावना है. आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व करने वाले 22 वर्षीय निगम ने अब तक लीग में 19 मैच खेले हैं और 13 विकेट लिए हैं.
इस 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने लंबे शॉट लगाने की अपनी काबिलियत का भी अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में लगभग 176 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी. भारत क्वॉर्टर फाइनल से शुरुआत करेगा.
चक्रवर्ती का नाम वापस लेना भारत के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि यह 35 वर्षीय खिलाड़ी अफगानिस्तान सीरीज से पहले मांसपेशियों में खिंचाव से उबरने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापस लौटा था. पहले टी20 मैच के बाद वह असहज महसूस कर रहे थे. इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में वापस भेज दिया गया.