एशियन गेम्स में भारत की धमाकेदार शुरुआत, जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

शियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार अंदाज में अभियान का आगाज किया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजों ने जापान को महज 57 रन पर समेटा और फिर शैफाली वर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने सिर्फ 5 ओवर में 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

श्री चरणी की घातक गेंदबाजी, जापान 57 पर ढेर

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए जापान के बल्लेबाजी क्रम को लगातार दबाव में रखा। जापान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शैफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली।जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने 25 रन बनाकर टीम की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकीं।

शैफाली ने 15 गेंदों में ठोके 40 रन

58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे। गुनालन कमलिनी खाता नहीं खोल सकीं, जबकि भारती फुलमाली 7 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शैफाली वर्मा और ऋचा घोष ने मोर्चा संभाल लिया। शैफाली ने महज 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन की तेज पारी खेली, जबकि ऋचा घोष 6 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। शैफाली ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।

90 गेंद बाकी रहते भारत ने जीता मैच

भारत ने लक्ष्य सिर्फ 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यानी टीम के पास 15 ओवर और 90 गेंद बाकी थीं। इस तरह भारत ने बेहद कम समय में मुकाबला खत्म करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। जापान के खिलाफ जीत के बाद भारतीय महिला टीम अब एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाएगा। भारत की नजर अब सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर होगी।

Leave a Comment