ऋषभ पंत के दूसरे टेस्ट में खराब शॉट चयन पर उठे सवाल, स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने किया बचाव

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जोखिम भरी बल्लेबाजी शैली का समर्थन किया। उन्होंने जैकब डफी की गेंद पर पंत के आउट होने के बारे में कहा कि यह ऐसा दिन था जब चीजें इस विकेटकीपर बल्लेबाज के पक्ष में नहीं गईं।

पंत ने मैच के अहम मौकों पर जोखिम भरे शॉट खेलने का एक ‘पैटर्न’ बना लिया है। हालांकि इस तरीके से वे विरोधी टीम से मैच छीन सकते हैं, लेकिन जब ये शॉट काम नहीं आते तो टीम को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। जैसा कि डफी के खिलाफ देखने को मिला।

ऋषभ पंत ने बड़ा शॉट लगाने में गंवाया विकेट

पिछले टेस्ट में शतक लगाने वाले पंत उस समय आउट हुए जब भारत को साझेदारी की सख्त जरूरत थी। वह डफी की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। बहुतुले ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ”वह एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं। पिछले मैच में शतक लगाने के बाद वह अच्छी फॉर्म में हैं। उनके खेलने के अंदाज में एक पैटर्न है, जिसमें वह जोखिम लेते हैं। कभी यह उनके पक्ष में जाता है तो कभी नहीं।”

भारत के पूर्व लेग स्पिनर बहुतुले ने इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि क्या पंत को मैच की स्थिति और टीम की जरूरत के हिसाब से अपने खेलने के अंदाज में बदलाव करना चाहिए। उन्होंने कहा, ”उस समय साझेदारी की जरूरत थी और दुर्भाग्य से आज ऐसा नहीं हो पाया। लेकिन वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो सकारात्मक अंदाज में खेलते हुए और अपनी प्रतिभा दिखाते हुए विपक्षी टीम से मैच छीन सकते हैं।”

बहुतुले ने पंत के खेलने के अंदाज का बचाव करते हुए कहा, ”आज उनका शॉट काम नहीं आया, लेकिन यह उन दिनों में से एक था जब चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं। ”

भारत ने गंवाए 6 विकेट

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक शनिवार को अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 116 रन बनाए। भारत इस तरह से न्यूजीलैंड से अभी 240 रन पीछे है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। भारत ने पहले सत्र में यशस्वी जायसवाल (0), देवदत्त पडिक्कल (21) और कप्तान शुभमन गिल (17) के विकेट गंवाए। ऋषभ पंत (23), केएल राहुल (25) और वाशिंगटन सुंदर (10) दूसरे सत्र में आउट होने वाले बल्लेबाज थे। स्टंप उखड़ने के समय ध्रुव जुरेल सात रन पर खेल रहे थे। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन और जैकब डफी ने दो-दो जबकि मैट हेनरी ने एक विकेट लिया है।

Leave a Comment