15 Years old Fanny Utagushimaninde youngest T20I debut century: खेल कोई भी हो, हर कोई बेहतर शुरुआत चाहता है. क्रिकेट की दुनिया में जब भी कोई खिलाड़ी अपने देश के लिए पहला मैच खेलता है, तो उसके लिए वो बड़ा मौका होता है और वो इस मौके को भुनाकर उसे यादगार बनाना चाहता है.
इसमें कई खिलाड़ी फेल होते हैं, तो कुछ पास भी होते हैं. पास होने वाले इन खिलाड़ियों में अब एक 15 साल की युवा महिला क्रिकेटर का नाम जुड़ गया है, जिसने 21 मार्च 2025 के दिन अपने डेब्यू मुकाबले में जो ‘बवंडर’ लाया, उससे पूरा खेल जगत सन्न है.
यहां बात हो रही है रवांडा की महिला टीम के लिए टी20 डेब्यू करने वाली खिलाड़ी फैनी उटागुशिमानिंदे की, जिन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. महज 15 साल की उम्र में अपने पहले ही मैच में तूफानी शतक जड़कर वो ना सिर्फ महिला क्रिकेट, बल्कि पुरुष क्रिकेट के भी बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ चुकी हैं. घाना के खिलाफ उन्होंने डेब्यू मैच में 111 रन ठोके. यह पारी विश्व क्रिकेट के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई, जिसने महान कैरेन रोल्टन से लेकर गुस्ताव मैककॉन तक के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया.
पहला रिकॉर्ड
फैनी उटागुशिमानिंदे ने डेब्यू में शतक ठोक 2 बड़े रिकॉर्ड बनाए. पहला ये कि वो टी20 इंटरनेशनल के मेंस और विमेंस में सबसे युवा शतकवीर बनीं. उन्होंने 15 साल 223 दिन की उम्र में यह कमाल कर दिखाया. रवांडा के लिए खेलते हुए घाना के खिलाफ मुकाबले में 65 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 111 रनों की बेहतरीन पारी खेली. उन्होंने फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिन्होंने 2022 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 18 साल 280 दिन की उम्र में शतक लगाया था.
दूसरा रिकॉर्ड
दूसरा रिकॉर्ड ये कि वो महिला टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली खिलाड़ी बनीं. इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर कैरेन रोल्टन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने साल 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में डेब्यू करते हुए 96 रनों की नाबाद पारी खेली थी.
मैच का लेखा-जोखा
फैनी उटागुशिमानिंदे के तूफानी शतक के दम पर टीम ने 20 ओवर में 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया. जवाब में घाना की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन ही बना सकी और 122 रनों से मैच हार गई. यह मुकाबला लागोस के तफावा बालेवा स्क्वायर क्रिकेट ओवल मैदान पर खेला गया.