रेस्ट ऑफ इंडिया और जम्मू-कश्मीर के बीच ईरानी कप का मुकाबला भी अपने अंजाम को पहुंच गया. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली रेस्ट ऑफ इंडिया ने रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू और कश्मीर को 167 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.
इस जीत का सबसे सकारात्मक और अहम पहलू रेस्ट ऑफ इंडिया की गेंदबाजी रही. टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाश दीप ने दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर को सिर्फ 111 रन पर ढेर कर दिया. मुकेश ने 6 विकेट लिए लेकिन टीम इंडिया के नजरिए से आकाश दीप की गेंदबाजी एक अच्छी खबर साबित हुई.
रविवार 4 अक्टूबर को ईरानी कप मैच का चौथा दिन था और 279 रन के लक्ष्य के जवाब में जम्मू-कश्मीर की पूरी पारी सिर्फ 29 ओवर के अंदर ढेर हो गई. बंगाल के लिए अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाने वाले मुकेश और आकाश ने रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए भी कमाल किया. दोनों ने मिलकर कुल 9 विकेट झटके. इस प्रदर्शन से दोनों ही गेंदबाजों ने टीम इंडिया में वापसी के लिए दावा ठोका लेकिन इसमें भी आकाश का प्रदर्शन ज्यादा अहम था.
चोट के बाद आकाश की दमदार वापसी
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश दीप असल में पिछले कई महीनों से चोट के कारण बाहर चल रहे थे. अगस्त 2025 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान उन्हें चोट लगी थी, जिसके चलते वो तब साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट नहीं खेल पाए थे. फिर विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी से उन्होंने वापसी की लेकिन सीजन खत्म होते ही वो फिर चोटिल हो गए और इसके चलते IPL 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाए. इसके बाद से ही उनके फिट होकर लौटने का इंतजार चल रहा था.
आकाश दीप का ये इंतजार ईरानी कप के साथ खत्म हुआ. फरवरी 2026 में अपना पिछला मैच खेलने के करीब साढ़े 7 महीनों बाद आकाश की वापसी हुई और उन्होंने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया. आकाश दीप ने दोनों पारियों में 3-3 विकेट लिए लेकिन इन विकेट से ज्यादा उनकी गेंदबाजी में जो धार नजर आई, वो ज्यादा अहम थी. वो पूरी तरह फिट नजर आ रहे थे और उन्होंने बल्लेबाजों को परेशान किया.
14 महीने बाद टीम इंडिया में मिलेगा मौका?
ईरानी कप में आकाश दीप का ये प्रदर्शन भारतीय सेलेक्शन कमेटी का सिरदर्द कुछ कम कर सकता है, जिसे जल्द ही न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम का चयन करना है. सेलेक्शन कमेटी पिछले कुछ वक्त से कई खिलाड़ियों, खास तौर पर तेज गेंदबाजों की फिटनेस की परेशानियों से जूझ रही है. ऐसे में आकाश दीप का फिट होना और मैदान पर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाना अहम है. 11 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी सीजन शुरु हो रहा है और आकाश बंगाल के लिए कुछ मैच खेलकर फिटनेस और लय को पहले से भी बेहतर कर सकते हैं. इससे न्यूजीलैंड दौरे पर उनके चयन को जोर मिलेगा.