इस हफ्ते गुरु का राशि परिवर्तन बदलेगा किस्मत का खेल, जीवन में होंगे बड़े बदलाव

Saptahik Rashifal 26 October to 1 November 2026 (साप्ताहिक भविष्यफल 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026): आने वाला सप्ताह कामकाज, पैसों की स्थिति और आपसी रिश्तों के लिहाज से कई अहम मोड़ लेकर आ रहा है. ग्रहों की चाल देखें तो 27 अक्टूबर की रात चंद्रमा मेष राशि को छोड़कर अपनी उच्च राशि वृषभ में चले जाएंगे. इसके बाद 29 अक्टूबर की रात वे मिथुन में कदम रखेंगे और फिर 1 नवंबर को कर्क राशि में दाखिल होंगे. हफ्ते का सबसे बड़ा फेरबदल 31 अक्टूबर को होगा, जब गुरु ग्रह कर्क राशि से निकलकर सिंह में प्रवेश करेंगे, इससे लोगों के मन में नया भरोसा जागेगा और आगे बढ़ने के कई बेहतरीन मौके सामने आएंगे. वहीं दूसरी तरफ, तुला राशि में बुध और शुक्र उल्टी चाल चल रहे हैं. ऐसे में जल्दबाजी में कोई भी बड़ा फैसला लेने से बचें और बातचीत के दौरान थोड़ा सब्र और तालमेल बनाए रखें.

यह हफ्ता आपको बिना किसी हड़बड़ी के, बिल्कुल आराम से सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाने का इशारा कर रहा है. शुरूआती दिनों में मन एक अजीब सा सुकून और ठहराव महसूस करेगा. उसके बाद बातें दूसरों तक आसानी से पहुंचने लगेगी और बातचीत का सिलसिला शुरू होगा. हफ्ते के आखिर में चंद्रमा के कर्क राशि में कदम रखते ही मन थोड़ा सा संवेदनशील या भावुक हो सकता है. इस दौरान सूर्य और मंगल थोड़े कमजोर चल रहे हैं, जिससे सिर पर हल्का-फुल्का दबाव या तनाव महसूस हो सकता है. ध्यान रखें, कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में बिल्कुल न लें और थोड़े सब्र से काम लें.


Find Your Mulank with a Simple Calculation

अपना मूलांक जानें

मेष राशि

हफ्ते की शुरुआत में आप अलग ही जोश और आत्मविश्वास से भरे रहेंगे. मन करेगा कि कोई नया काम शुरू किया जाए या किसी पुरानी अटकी बात की कमान खुद संभाली जाए. फिर धीरे-धीरे आपका ध्यान घर के खर्चों, बचत और पैसों की सुरक्षा पर जाएगा. हफ्ते के मध्य में लोगों से मिलना-जुलना, बातचीत करना और छोटी-मोटी यात्राएं फायदेमंद साबित होंगी. हो सकता है किसी पुराने परिचित से अचानक मुलाकात हो जाए और काम का कोई नया रास्ता निकल आए. बस ध्यान रखें, उत्साह में आकर एक साथ सबको ‘हां’ न बोलें, पहले यह देख लें कि आप कितना संभाल सकते हैं.

हफ्ते के आखिरी दिनों में घर-परिवार और भावनात्मक बातें ज्यादा हावी रहेंगी. दिल करेगा कि कुछ क्रिएटिव किया जाए या मन की बात खुलकर कही जाए. ऐसे में बिना सोचे-समझे पैसे उड़ाने और फालतू की बहस से खुद को दूर ही रखें. मां या घर के किसी बुजुर्ग की सेहत का थोड़ा ख्याल रखें और उनके साथ बैठकर दो बातें करें. सड़क पर चलते या गाड़ी चलाते समय रफ्तार पर थोड़ा काबू रखना ही समझदारी होगी.

उपाय: मंगलवार के दिन “ॐ मंगलाय नमः” मंत्र का जाप करना आपके लिए शुभ रहेगा.

वृषभ राशि

इस हफ्ते आपकी पूरी प्राथमिकता अपने काम को संभालने, पैसों की स्थिति मजबूत करने और जिंदगी में थोड़ा ठहराव लाने पर रहेगी. शुरुआती एक-दो दिन शांति से बैठकर पुराने अटके हुए कामों को निपटा लेना ही सही रहेगा. इसके बाद आपका आत्मविश्वास अपने आप बढ़ेगा और मन काफी शांत और संतुलित महसूस करेगा. लोग आपकी बातों को तवज्जो देंगे और आपकी सलाह मानेंगे, ऐसे में किसी पुराने उलझे हुए मामले को सुलझाने का यह बेहतरीन समय है.

हफ्ते के बीच में आपका पूरा ध्यान कमाई और भविष्य के बजट पर चला जाएगा. धीरे-धीरे रिश्तेदारों और साथ काम करने वालों के साथ बातचीत बेहतर होगी और तालमेल बना रहेगा. घर-परिवार की कुछ बातें भी आपका वक्त मांग सकती हैं. बस ध्यान रखें कि पैसों के मामले में कोई बड़ा वादा या जल्दबाजी बिल्कुल न करें. जल्दी अमीर बनाने वाली किसी स्कीम या दावे के चक्कर में न पड़ें. सेहत के लिहाज से खाने-पीने में लापरवाही आपके गले या पेट के स्वास्थ्य भारी पड़ सकती है, इसलिए फिलहाल घर का हल्का खाना ही खाएं.

उपाय: किसी जरूरतमंद व्यक्ति को चावल या भोजन का दान करें, मन को शांति मिलेगी.

मिथुन राशि

इस हफ्ते आपको बातचीत करने, नई चीजें सीखने और करियर में आगे बढ़ने के कई अच्छे मौके मिलेंगे. हफ्ते की शुरुआत दोस्तों के साथ वक्त बिताने और आगे के प्लान बनाने के लिए काफी बढ़िया है. इसके बाद के कुछ दिन थोड़े शांत रहकर आराम करने, खुद के बारे में सोचने और आगे के लक्ष्यों की तैयारी में बिताएं. इस बीच अगर नींद पूरी नहीं हुई तो बेवजह की थकान महसूस होगी, इसलिए देर रात तक जगने की आदत से बचें. जेब से कुछ बिन बुलाए खर्च भी निकल सकते हैं, उन पर थोड़ी नजर बनाकर रखें.

हफ्ते के दूसरे हिस्से में आपका आत्मविश्वास वापस लौटेगा और आप अपनी बात बहुत असरदार तरीके से लोगों के सामने रख पाएंगे. आखिरी दिनों में घर-परिवार की जिम्मेदारियां और पैसों से जुड़े मामले थोड़े हावी हो सकते हैं. कोई भी जरूरी मैसेज भेजने या किसी एग्रीमेंट पर दस्तखत करने से पहले उसे दोबारा ध्यान से पढ़ लें. पढ़ाई-लिखाई या बातचीत से जुड़े कामों में बेहतरीन नतीजे मिलने के आसार हैं, अगर किसी इंटरव्यू या प्रेजेंटेशन की तैयारी में लगे हैं, तो आपकी मेहनत खाली नहीं जाएगी. बस एक बात का ध्यान रखें, गुस्से में बोली गई कोई बात घर में कड़वाहट बढ़ा सकती है, इसलिए बोलते वक्त थोड़ा संयम रखें.

उपाय: श्रद्धा के साथ “ॐ बुधाय नमः” मंत्र का जाप करें, दिन बेहतर गुजरेंगे.

कर्क राशि

इस हफ्ते आपका पूरा ध्यान अपने करियर, दोस्तों और घर-परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने पर रहेगा. शुरुआती दिनों में ऑफिस या काम का बोझ थोड़ा ज्यादा लग सकता है, इसलिए सब कुछ सलीके से प्लान करके चलेंगे तो आसानी होगी. इसके बाद दोस्तों और साथ काम करने वालों का अच्छा साथ मिलेगा. हो सकता है किसी बड़े भाई-बहन या पुराने दोस्त की एक छोटी सी सलाह आपकी बड़ी उलझन चुटकी में सुलझा दे. इस दौरान कोई रुका हुआ छोटा-मोटा आर्थिक फायदा भी आपके हाथ लग सकता है.

हफ्ते के बीच में थोड़ा वक्त निकालकर आराम करें और आगे की रणनीति बनाएं. हफ्ते के आखिरी दिनों में आप अपनी जरूरतों और भावनाओं को प्राथमिकता देंगे. हो सकता है कमाई और जिंदगी को देखने का आपका नजरिया थोड़ा बदले. अगर कोई आपकी कमी निकाले या आलोचना करे, तो दिल पर लेकर तुरंत जवाब न दें. खाली बैठने से दिमाग में फिजूल की चिंताएं सूझेंगी, इसलिए खुद को किसी न किसी काम में व्यस्त रखें. अगर अस्पताल या कोर्ट-कचहरी से जुड़ा कोई काम अटका है, तो अपने सारे कागजात पहले से संभालकर रखें.

उपाय: सोमवार के दिन भगवान शिव को सफेद फूल चढ़ाएं, मन शांत रहेगा.

सिंह राशि

इस हफ्ते करियर, नई सीख और यात्राएं आपके लिए खास रहने वाली हैं. शुरुआत में कुछ नया सीखने, सफर करने और अपने काम को नए नजरिए से देखने का अच्छा मौका मिलेगा. इसके बाद ऑफिस या बिजनेस में जिम्मेदारियां थोड़ी बढ़ेंगी. अगर आप पूरी ईमानदारी से काम निपटाएंगे, तो आपकी मेहनत को पहचान जरूर मिलेगी. सीनियर या बॉस आपके काम पर नजर बनाए हुए हैं, इसलिए किसी भी काम में शॉर्टकट लेने की गलती बिल्कुल न करें. मन हुआ तो किसी धार्मिक जगह की यात्रा का प्लान भी बन सकता है.

हफ्ते के बीच में दोस्तों के साथ उठना-बैठना और लोगों से मेल-जोल बढ़ाना मन को हल्का रखेगा. वहीं हफ्ते के आखिरी दिन थोड़े शांत रहकर आराम करने और खुद के बारे में सोचने के लिए सबसे बढ़िया रहेंगे. आपका आत्मविश्वास और पर्सनालिटी दोनों निखरेंगे, बस तरक्की की दौड़ में अपनी विनम्रता मत खोने देना. हर बात में अपनी चलाने की जिद अपनों से दूरी पैदा कर सकती है, इसलिए दूसरों की भी सुनें. अगर सिर भारी लगे या आंखों में थकान महसूस हो, तो फोन या लैपटॉप की स्क्रीन से थोड़ी देर दूरी बना लें.

उपाय: रोज सुबह उगते हुए सूरज को तांबे के लोटे से जल चढ़ाएं, ऊर्जा और सकारात्मकता बनी रहेगी.

कन्या राशि

इस हफ्ते आपको अपनी जेब और भविष्य की प्लानिंग के बीच तालमेल बिठाकर चलना पड़ेगा. शुरुआत में किसी पुराने बिल, उधारी या साझे के पैसों का हिसाब निपटाना पड़ सकता है. इसके बाद पढ़ाई, किसी सफर या आगे के प्लान बनाने के लिए वक्त अच्छा रहेगा. अचानक बैंक, टैक्स या इंश्योरेंस का कोई अटका काम सामने आ सकता है. शेयर बाजार में बिना सोचे-समझे पैसा लगाने से बचें, मार्केट के झटकों से बचत पर असर पड़ सकता है.

हफ्ते के बीच में काम और ऑफिस का बोझ थोड़ा बढ़ेगा. लेकिन हफ्ते के आखिर तक दोस्तों या जान-पहचान वालों से कोई बढ़िया मदद मिल जाएगी. आगे के लिए योजना बनाने का यह सही मौका है. बस किसी भी कागज या फॉर्म पर दस्तखत करने से पहले उसे खुद ठीक से पढ़ लें, ताकि कोई बात छूट न जाए. ऑफिस में दूसरों की लापरवाही अपने सिर न लें. लगातार काम करने के बजाय बीच-बीच में थोड़ा आराम करते रहें, वरना नींद खराब होगी और पेट भी परेशान कर सकता है.

उपाय: किसी भी खास काम की शुरुआत से पहले गणेश जी को याद जरूर करें.

तुला राशि

इस हफ्ते आपकी पहली प्राथमिकता रिश्ते, बातचीत और आपसी तालमेल बनाए रखने पर होनी चाहिए. शुरुआत में अपने जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर की बात ध्यान से सुनें और अगर जरूरत पड़े तो थोड़ा झुकने या समझौता करने में कोई बुराई नहीं है. इसके बाद साझे के पैसों या एक-दूसरे से किए गए वादों को बहुत संभालकर निभाना होगा. पैसों या रिश्तों से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला अकेले न लें, आपस में बैठकर बात कर लें. हो सकता है इस बीच ससुराल पक्ष से जुड़ा कोई मुद्दा भी चर्चा में आए.

हफ्ते के बीच में आपका मन कुछ नया सीखने, कहीं घूमने जाने या नए आइडियाज पर काम करने में लगेगा. हफ्ते के आखिरी दिनों में आपका ध्यान पूरी तरह काम-काज और अपनी जिम्मेदारियों पर रहेगा, साथ ही लोगों से मिलना-जुलना भी बढ़ेगा. इस समय जल्दबाजी में कोई भी बड़ा कदम उठाने से बचें. अपने साथ ज्यादा सख्ती मत बरतें, छोटी-छोटी सफलताओं पर भी खुद की पीठ थपथपाएं. अगर दिखावे में आकर बेवजह शॉपिंग करने का दिल करे, तो अपनी जेब और बजट का ध्यान जरूर रख लें.

उपाय: शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी को कोई भी खुशबूदार फूल चढ़ाएं, मन को शांति मिलेगी और काम में बरकत होगी.

वृश्चिक राशि

इस हफ्ते अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में थोड़ा सुधार लाएं और अपनों से रिश्ते बेहतर करने पर ध्यान दें. शुरुआत में काम का दबाव थोड़ा बढ़ सकता है, साथ ही सेहत और घर-परिवार की जिम्मेदारियां पूरी तवज्जो मांगेंगी. इसके बाद पार्टनरशिप के कामों में अच्छी तेजी आएगी. अगर किसी से पुरानी अनबन चल रही है, तो आमने-सामने बैठकर बात कर लें, मामला तुरंत सुलझ जाएगा. अगर किसी को उधार पैसा दे रहे हैं, तो वापस मिलने की तारीख और शर्तें पहले ही तय कर लें. सुबह के वक्त हल्की-फुल्की सैर आपको दिनभर तरोताजा रखेगी.

हफ्ते के मध्य में साझे के पैसों या दिल से जुड़ी बातों पर थोड़ा ध्यान देना पड़ सकता है. वहीं आखिरी दिनों में कहीं घूमने-फिरने, कुछ नया सीखने या पूजा-पाठ या अध्यात्म की ओर आपका रुझान बढ़ेगा. काम का बोझ बढ़ने पर दफ़्तर का तनाव घर न लाएं और बिना बात किसी पर शक करने से बचें. आपकी अंतरात्मा इस समय आपको बिल्कुल सही रास्ता दिखाएगी, लेकिन कोई भी बड़ा फैसला सिर्फ हवा में नहीं, बल्कि ठोस बातों को देखकर ही लें.

उपाय: मन को मजबूत और पॉजिटिव बनाए रखने के लिए “ॐ हनुमते नमः” मंत्र का जाप करें.

धनु राशि

इस हफ्ते आपका मन कुछ नया और अलग करने में लगेगा. प्यार-मोहब्बत के मामलों, आत्मविश्वास और अपने निजी काम-काज के लिए हफ्ते की शुरुआत काफी बढ़िया रहेगी. हालांकि, इसके बाद थोड़ा संभलकर चलने की जरूरत होगी. अपनी दिनचर्या को पटरी पर रखें और सेहत को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें. बच्चों की पढ़ाई या आपके किसी शौक से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है. पेट खराब होने का अंदेशा है, इसलिए बाहर के तले-भुने और मसालेदार खाने से परहेज रखें.

हफ्ते के बीच में पार्टनरशिप के कामों और जरूरी बातचीत पर ज्यादा जोर रहेगा. आखिरी दिनों में साझे के पैसों या किसी से किए गए वादों को सोच-समझकर संभालना पड़ेगा. अगर आप कुछ नया सीखने, कहीं घूमने जाने या आगे के बड़े प्लान बनाने की सोच रहे हैं, तो समय अच्छा है. बस किसी भी कागज या एग्रीमेंट पर दस्तखत करने से पहले उसे अच्छी तरह पढ़ जरूर लें. किसी दूर या विदेश में रहने वाले इंसान के जरिए आपका रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है. अपने पार्टनर की बातों को अनदेखा न करें, उनकी दी हुई सलाह आपके बहुत काम आ सकती है.

उपाय: अपने गुरुओं, शिक्षकों और घर के बड़ों का आशीर्वाद लेकर ही कोई नया कदम उठाएं.

मकर राशि

इस हफ्ते घर-परिवार, काम-काज और क्रिएटिविटी, सब कुछ आपकी लिस्ट में रहेंगे. शुरुआती दिनों में घर से जुड़े मसले ज्यादा जरूरी लग सकते हैं. इसके बाद आपका मन कुछ क्रिएटिव करने में लगेगा, साथ ही अपनों के साथ अच्छा वक्त बिताने और मनोरंजन के बढ़िया मौके मिलेंगे. घर की मरम्मत या गाड़ी से जुड़ा कोई अनचाहा खर्च अचानक सामने आकर जेब ढीली कर सकता है. अगर जमीन-जायदाद या प्रॉपर्टी का कोई काम चल रहा है, तो कागजात ठीक से जांचे बिना कोई कदम न उठाएं.

हफ्ते के बीच में अपने काम और डेली रूटीन को थोड़ा सलीके से सेट करने की जरूरत पड़ेगी. हफ्ते के आखिरी दिनों तक पार्टनरशिप के मामले और साझे के पैसों का हिसाब-किताब अहम हो जाएगा. दफ़्तर के काम-काज की टेंशन को घर लाकर पारिवारिक माहौल खराब न होने दें. अगर बॉस या किसी सीनियर से बात न मिले, तो बहस में पड़ने के बजाय शांति से अपनी बात रखें. लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करने से बचें, वरना जोड़ों या कमर में दर्द और अकड़न की शिकायत हो सकती है.

उपाय: शनिवार की शाम को पीपल के पेड़ के नीचे या मंदिर में तिल के तेल का दीपक जलाएं, मन शांत रहेगा.

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए यह हफ्ता कुल मिलाकर बढ़िया बीतने वाला है. शुरुआत में लोगों से मेल-जोल बढ़ेगा, छोटी-मोटी ट्रिप्स के प्लान बनेंगे और दिमाग में नए-नए आइडियाज आएंगे. भाई-बहन या किसी पड़ोसी से अचानक कोई मदद मिल सकती है, और फोन पर हुई कोई नॉर्मल सी बात आगे चलकर आपके बड़े काम आ जाएगी. इसके बाद आपका सारा ध्यान घर-परिवार और दिल के सुकून पर ही रहेगा.

हफ्ते के बीच में अपनों के साथ हंसी-मजाक करने और पार्टनर के साथ अच्छा टाइम स्पेंड करने के खूब मौके मिलेंगे. बस हफ्ते के आख़िरी दिनों में अपने काम और सेहत को लेकर थोड़ा संभलकर रहें. एक बात का खास ध्यान रखें कि जोश में आकर या किसी के दबाब में पैसों का कोई फैसला न लें, नुकसान हो सकता है. सेहत सही रखनी है तो गलत आदतों से दूर रहना ही बेहतर है.

उपाय: रोजाना सच्चे मन से “ॐ राहवे नमः” मंत्र का जाप करें, सब अच्छा होगा.

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए यह हफ्ता धैर्य और समझदारी से काम लेने का है. इस हफ्ते आपकी प्राथमिकता पैसों का प्रबंधन और घर की जिम्मेदारियां रहेंगी. शुरुआत में ही अपना बजट देखकर चलना बहुत जरूरी है, क्योंकि परिवार में किसी की अचानक जरूरत पर पैसा खर्च हो सकता है. इसलिए पहले से ही कुछ बचत करके रखें. लोगों से बात करते वक्त अपनी बोली में मिठास रखें, आपके बनते काम और आसान हो जाएंगे.

हफ्ते के बीच में आपका पूरा ध्यान घर-परिवार के मामलों पर ही रहेगा. जैसे-जैसे हफ्ता खत्म होने की तरफ बढ़ेगा, आपका मूड बढ़िया होगा, रचनात्मक कामों में मन लगेगा और पार्टनर के साथ भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा. संतान की तरफ से भी कोई ऐसी बात सुनने को मिल सकती है जिससे मन खुश हो जाए. बस अपनी रोज की दिनचर्या सुधारे रखें और सेहत का पूरा ध्यान दें. सब्र रखें और अनुशासन में रहें. अगर किसी काम का नतीजा मिलने में थोड़ा टाइम लगे, तो निराश होकर उसे बीच में मत छोड़िएगा.

उपाय: गुरुवार के दिन भगवान विष्णु को पीले फूल चढ़ाएं, सब शुभ होगा.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए astropatri.com पर संपर्क करें.

चंद्रेश शर्मा

चंद्रेश शर्मा एक अनुभवी वैदिक ज्योतिषी हैं, जिनका ज्योतिष से जुड़ाव 35 से अधिक सालों का है. किशोरावस्था में शुरू हुई उनकी ज्योतिष यात्रा समय के साथ गहरे अध्ययन, निरंतर अभ्यास और आध्यात्मिक समझ में विकसित हुई. पिछले 15 सालों से वे पेशेवर रूप से लोगों को वैदिक ज्योतिष के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं. ज्योतिष के साथ-साथ उन्होंने लगभग 38 वर्षों तक कॉर्पोरेट क्षेत्र में भी कार्य किया. इस दौरान उन्हें टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, थिसेनक्रुप और भूषण स्टील जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला. व्यावसायिक जीवन के अनुभव और वैदिक ज्योतिष का गहन अध्ययन उनके दृष्टिकोण को संतुलित और व्यावहारिक बनाता है.

उन्होंने भारतीय विद्या भवन से ज्योतिष आचार्य और ज्योतिष अलंकार की उपाधियां प्राप्त की हैं. उनका मानना है कि वैदिक ज्योतिष केवल भविष्य जानने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को खुद को समझने, सही समय पर उचित निर्णय लेने और जीवन की परिस्थितियों का बेहतर सामना करने की दिशा भी देता है.

वे करियर, विवाह, व्यवसाय, वित्त, ग्रह गोचर, कुंडली विश्लेषण, पंचांग और वैदिक ज्योतिष से जुड़े विषयों पर अपने वर्षों के अनुभव और पारंपरिक ज्ञान के आधार पर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं. उनका उद्देश्य लोगों तक प्रामाणिक वैदिक ज्योतिष को सरल, व्यावहारिक और विश्वसनीय रूप में पहुंचाना है, ताकि वे जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय अधिक स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ ले सकें.

Read More

google button

Leave a Comment