इसे कहते हैं सटीक यॉर्कर, सैम करन के भाई को कुछ समझ ही नहीं आया, अफगानिस्तान के गेंदबाज का कमाल देखिए

शारजाह: अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच टेस्ट मैच में अफगानी गेंदबाजी सलीम सफी ने शानदार यॉर्कर पर जिम्बाब्वे के बेन करन को आउट किया। सलीम सफी ने जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज बेन करन को ऐसी सटीक यॉर्कर मारी कि उनका बल्ला नीचे आने से पहले ही गेंद स्टंप्स में जा घुसी।

बेन करन इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के भाई हैं। वह इस गेंद को बिल्कुल समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। सलीम की इस गेंद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोर रहा है।

यह घटना जिम्बाब्वे की पहली पारी के 35वें ओवर में हुई। मोहम्मद सलीम सफी ने राउंड द विकेट से गेंदबाजी करते हुए बेन करन के लिए सीधा स्टंप्स की जड़ पर यॉर्कर डाली। इससे पहले सलीम लगातार शॉर्ट गेंदों से करन को परेशान कर रहे थे। बल्लेबाज को एक और छोटी गेंद की उम्मीद थी, लेकिन सलीम ने अचानक सटीक यॉर्कर डालकर उन्हें चौंका दिया। करन क्रीज पर ही खड़े रह गए और गेंद उनके बल्ले से पहले स्टंप्स पर जा लगी। उनकी पारी 113 गेंदों में 42 रन पर समाप्त हुई। उन्होंने तीन चौके लगाए। इस विकेट के साथ जिम्बाब्वे का स्कोर 125 रन पर दो विकेट हो गया।

जिम्बाब्वे ने पहली पारी में बनाए 504 रन

मैच की बात करें तो जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने पहली पारी में 134.3 ओवर में 504 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रेंडन टेलर ने 168 गेंदों में 131 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान ब्रायन बेनेट ने 206 गेंदों में 128 रन बनाए। वेस्ली मधेवेरे ने भी 54 रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी और कैस अहमद ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि जिया-उर-रहमान अकबर को 2 विकेट मिले। सलीम ने बेन करन के अलावा न्यूमैन न्यामहुरी और ब्लेसिंग मुजारबानी को भी आउट किया।

अफगानिस्तान ने की वापसी की कोशिश

जिम्बाब्वे के 504 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में 35 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 113 रन बना लिए थे। टीम अभी भी जिम्बाब्वे से 391 रन पीछे है। अफगानिस्तान के लिए सेदिकुल्लाह अटल 114 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि रहमानुल्लाह 83 गेंदों में 50 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 99 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। अफगानिस्तान को शुरुआती झटका अब्दुल मलिक के रूप में लगा, जो 2 रन बनाकर आउट हुए। अब तीसरे दिन अफगानिस्तान की कोशिश बड़ी साझेदारियां करके जिम्बाब्वे के स्कोर के करीब पहुंचने की होगी। वहीं जिम्बाब्वे की टीम जल्द विकेट लेकर अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगी।

 

Leave a Comment