आयरलैंड ने थाईलैंड को हराकर महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए किया क्वालिफाई

कीर्तिपुर (नेपाल) : अर्लीन केली (चार विकेट), लारा मैकब्राइड (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड की महिला टीम ने रविवार को थाईलैंड पर 62 रनों से जीत दर्ज की। इसी के साथ वह 2026 महिला टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी टीम बन गई है।

जून-जुलाई में इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में वह बंगलादेश और नीदरलैंड्स के साथ शामिल हो गई है।

आज यहां क्वालिफायर के आखिरी दिन थाईलैंड के खिलाफ खेलते हुए, आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 121 रन बनाए। थाईलैंड का टूर्नामेंट में बल्ले से सबसे खराब दिन रहा और आयरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे उसकी पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 59 रन पर सिमट गई। आयरलैंड को 62 रनों से जीत दर्ज की।

गैबी लुईस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, आयरलैंड की टॉप तीन बल्लेबाजों एमी हंटर (15 गेंदों में 24), लुईस (30 गेंदों में 25), और ओर्ला प्रेंडरगास्ट (22 गेंदों में 24) सभी ने अच्छी शुरुआत की और दसवें ओवर के आखिर तक आयरलैंड का स्कोर 71 रन था। 12वें ओवर तक उसके तीनों अनुभवी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। लुईस लिटिल ने 18 गेंदों में 14 रन बनाए, और जेन मैगुइरे 12 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहीं।

थाईलैंड के लिए लेगस्पिनर सुलीपोर्न लाओमी ने 24 रन देकर चार विकेट लिए। सुनीदा चतुरोंगरताना को दो विकेट मिले। इसके बाद 122 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड के बल्लेबाज आयरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सके। कप्तान नारुएमोल चाईवाई ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। उनके अलावा नन्नापत कोंचारोएनकाई 15 रन बनाकर आउट हुईं।

दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 26 रनों की साझेदारी हुई। शेष नौ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। आयरलैंड के लिए अर्लीन केली ने चार ओवर में सात रन देकर चार विकेट झटके, जबकि ऑफस्पिनर लारा मैकब्राइड ने छह रन देकर तीन विकेट लिए, एमी मैगुइरे को दो विकेट मिले। ओरला प्रेंडरगास्ट ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Leave a Comment