अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में रविवार (13 सितंबर) को अरुण जेटली स्टेडियम में अपने बल्ले से धुआंधार आतिशबाजी की। उन्होंने 32 गेंद पर 82 रन की बेहतरीन पारी खेली जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
इस दौरान अभिषेक ने राशिद खान के खिलाफ एक ऐसा बेहतरीन रिकॉर्ड बनाया जिसे दुनिया के 112 बल्लेबाज भी नहीं बना पाए थे।
दरअसल टी20 क्रिकेट के स्टार गेंदबाज राशिद खान के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज के लिए बल्लेबाजी करना आसान काम नहीं होता है। ऐसे में पहले टी20 के दौरान अभिषेक शर्मा ने अफगान गेंदबाज की जमकर खबर ली। क्रिकबज ने एक ऐसा आंकड़ा शेयर किया जिसके मुताबिक दुनिया के 112 बल्लेबाज पहले कभी राशिद खान के खिलाफ इतने स्ट्राइक रेट से रन नहीं बना पाए हैं।
अभिषेक शर्मा ने टी20 में राशिद खान के खिलाफ 43 गेंद पर कुल 101 रन बनाए हैं। राशिद के खिलाफ कम से कम 30 गेंद का सामना करने वाले 113 बल्लेबाजों के डाटा के अनुसार किसी का भी स्ट्राइक रेट अभिषेक से ज्यादा नहीं रहा है। भारतीय ओपनर ने राशिद खान के खिलाफ 234.88 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। यह 113 बल्लेबाजों की गेंद दर गेंद मौजूद लिस्ट में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है।
अभिषेक-इशान ने तोड़ा रोहित शर्मा-रिंकू सिंह का रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने 82 तो इशान किशन ने भी 42 रन की बेहतरीन पारी इस मुकाबले में खेली। इन दोनों खिलाड़ियों ने 53 गेंद पर 121 रन की पार्टनरशिप की और इस साझेदारी के दौरान रनरेट था 13.70 रन प्रति ओवर का। अफगानिस्तान के खिलाफ यह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 100 प्लस रनों की साझेदारी है। पिछला रिकॉर्ड रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने बनाया था और बेंगलुरु में 2024 में 93 गेंद पर 190 रन की साझेदारी 12.25 रन प्रति ओवर की दर से की थी।
अभिषेक शर्मा का छठा प्लेयर ऑफ द मैच
टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक के लिए साल 2026 खास नहीं जा रहा था, मगर अफगानिस्तान के खिलाफ इस बेहतरीन पारी के बाद वह प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। उनका टी20 इंटरनेशनल में यह छठा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड था। अगर फुल मेंबर देशों की बात करें तो उनके डेब्यू के बाद से सिर्फ जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और ब्रायन बेनेट ने ही सबसे ज्यादा 7-7 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं। जबकि अभिषेक ने छठा अवॉर्ड जीतते हुए पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान की बराबरी कर ली।
अभिषेक शर्मा ने इसी मैच में 22 गेंद पर तूफानी अर्धशतक जड़ा था। इस पारी में छक्के के साथ उन्होंने खाता खोला और अपने 6 हजार टी20 रन भी पूरे किए थे। वह गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 6000 रन बनाने वाले भारतीय भी बने थे। वहीं दुनिया के दूसरे बल्लेबाज भी बने।
अभिषेक शर्मा नंबर 1, इशान से आगे ओमरजई, अर्शदीप का भी जलवा; भारत-अफगानिस्तान पहले टी20 के बाद टॉप 5 बल्लेबाज-गेंदबाज
भारत ने अफगानिस्तान को पहले टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हराया। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने 82 रन की पारी खेली और अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके। दोनों खिलाड़ी टॉप 5 बल्लेबाजों और गेंदबाजों की लिस्ट में क्रमश: नंबर 1 रहे।