अब मेरे लिए टेस्ट खेलना मुश्किल होगा, आईपीएल के बीच दिग्गज खिलाड़ी ने किया ऐलान

फगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान ने आईपीएल 2026 के बीच टेस्ट क्रिकेट को लेकर बड़ा बयान दिया है. पूरी तरह से फिट होने के बावजूद राशिद ने कहा है कि उनके लिए अब टेस्ट क्रिकेट खेलना मुश्किल होगा.

उन्होंने कहा, इस समय लाल गेंद का क्रिकेट खेलना मुश्किल लग रहा है, एक साल में एक टेस्ट ठीक है लेकिन ज्यादा नहीं खेल सकूंगा.

राशिद खान का मानना है कि उन्होंने आखिरकार अपनी खोई लय हासिल कर ली है जिसके लिए वह 2023 में कमर के ऑपरेशन के बाद से जूझ रहे थे. टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार राशिद पिछले आईपीएल सत्र में गुजरात टाइटंस के लिये 15 मैचों में नौ ही विकेट ले सके थे, इससे पहले 2024 में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लेने वाले राशिद ने नीतिश राणा, समीर रिजवी और अक्षर पटेल को पवेलियन भेजा, गुजरात ने यह रोमांचक मुकाबला एक रन से जीता.

मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में राशिद ने कहा, याद मत दिलाओ यार, 2025 बहुत बुरा सीजन था, लेकिन एक सत्र खराब होने के यह मायने नहीं है कि आप खत्म हो गए, यह लाइन और लैंग्थ के बारे में है. उन्होंने कहा, पिछले साल इसकी कमी खली, इस बार मैं इसी पर फोकस कर रहा था, पिछले आईपीएल के बाद मैने अपनी फिटनेस पर काम किया था , सर्जरी के बाद कमर में तकलीफ थी लेकिन फिर ब्रिटेन में द हंड्रेड में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा.

राशिद ने डॉक्टरों की सलाह अनसुनी करके 2023 वनडे विश्व कप खेला, उसके बाद उन्हें चलने में भी दिक्कत हो रही थी जिसकी वजह से ऑपरेशन कराना पड़ा. उन्होंने कहा, सर्जरी के बाद जब मैने वापसी की तो कमर को लेकर काफी एहतियात बरत रहा था, इससे मेरे गेंदबाजी एक्शन और रिलीज पर फर्क पड़ा, मेरी लय चली गई, मैने तीन चार महीने धीमी गेंदबाजी की कोशिश की क्योंकि कमर में दर्द था.

अब पूरी तरह से फिट होने के बावजूद राशिद ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना मुश्किल होगा. उन्होंने कहा, इस समय लाल गेंद का क्रिकेट खेलना मुश्किल लग रहा है, एक साल में एक टेस्ट ठीक है लेकिन ज्यादा नहीं खेल सकूंगा. राशिद ने कहा, मुझे लगता है कि मैं पहले भी एक टेस्ट खेल चुका हूं, मैं बस आराम से खेलूंगा, नहीं चाहता कि मेरी पीठ में कोई इंजरी हो, मैं 100 टेस्ट मैच नहीं खेल सकता, रेड-बॉल क्रिकेट थोड़ा मुश्किल है क्योंकि मेरे डॉक्टर ने मुझसे कहा था कि इससे दूर रहो, फिर भी मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 67 ओवर फेंके, जिससे डॉक्टर हैरान रह गए.

उन्होंने स्पष्ट किया कि वनडे क्रिकेट मुझे पसंद है और मेरा ध्यान इस फॉर्मेट पर है, मैं इसमें लंबे समय तक खेल सकता हूं, रेड-बॉल क्रिकेट को लिमिटेड रखना पड़ेगा, साल में एक टेस्ट है तो मैं उसे खेल लूंगा, लेकिन उससे ज्यादा मैनेज करना मुश्किल होगा, राशिद ने कहा कि अगर मैं टीम का हिस्सा हूं तो पूरे दिन गेंदबाजी करनी पड़ेगी, मुझे सावधानी बरतना है और खुद को वनडे विश्व कप के लिए तैयार करना है.

 

Leave a Comment