अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि, यूएई में आयोजित करेगा ODI ट्राई सीरीज, खेले जाएंगे और भी अहम मैच

फगानिस्तान अक्टूबर और नवंबर में संयुक्त अरब अमीरात में एक बड़े मल्टी-फॉर्मेट कार्यक्रम में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे की मेजबानी करेगा। इसमें बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच खेला जाएगा।

जिम्बाब्वे- अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच वनडे ट्राई सीरीज खेली जाएगा। साथ ही अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज के बाद दो मैचों की टेस्ट शृंखला भी खेली जाएगी। अफगानिस्तान के लिए न्यूट्रल वेन्यू पर त्रिकोणीय शृंखला और अन्य सीरीजों का होस्ट बनना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

इन तारीखों को खेले जाएंगे मुकाबले

इस टूर्नामेंट की शुरुआत 9 से 13 अक्टूबर तक अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी, जिसके बाद तीनों देश 17 से 23 अक्टूबर के बीच वनडे ट्राई-नेशन सीरीज के लिए एक साथ आएंगे। जिम्बाब्वे 17 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद 19 अक्टूबर को उसका सामना मेजबान अफगानिस्तान से होगा। इसके बाद अफगानिस्तान और बांग्लादेश 21 अक्टूबर को लीग के अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होंगे। शीर्ष दो टीमें 23 अक्टूबर को फाइनल में पहुंचेंगी। ट्राई-सीरीज़ के बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला के लिए सबसे छोटे प्रारूप में खेलेंगे। इसके बाद दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ दौरा समाप्त होगा। यह टेस्ट सीरीज 5-9 नवंबर और 13-17 नवंबर तक चलेगी।

तीनों देशों के क्रिकेट प्रतिनिधियों ने जताई खुशी

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कार्यक्रम की पुष्टि का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “हम अफगानिस्तान राष्ट्रीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस महत्वपूर्ण दौर की पुष्टि करते हुए प्रसन्न हैं। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ विभिन्न प्रारूपों में खेलना हमारे खिलाड़ियों को मूल्यवान प्रतिस्पर्धी अवसर प्रदान करेगा। हमारे समर्थकों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक रोमांचक दौर देखने को मिलेगा।” बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजाम उद्दीन चौधरी भी आगामी दौरे विशेष रूप से रेड बॉल वाले मैच को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “टेस्ट मैच और त्रिपक्षीय शृंखला बांग्लादेश और अफगानिस्तान दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक दौर का वादा करते हैं। हम टेस्ट मैचों को बहुत महत्व देते हैं। यह हमारे खिलाड़ियों के लिए यूएई में पहली रेड बॉल से क्रिकेट खेलने और अफगानिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खुद को चुनौती देने का एक शानदार अवसर होगा।” जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक गिवमोर माकोनी ने भी इसी भावना को व्यक्त करते हुए सभी प्रारूपों में अपनी टीम के विकास के लिए इस दौरे के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “जिम्बाब्वे के लिए यह एक महत्वपूर्ण दौरा है, जो हमारे खिलाड़ियों को तीनों प्रारूपों में उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिस्पर्धा प्रदान करेगा। वनडे ट्राई-सीरीज में हमें दो मजबूत टीमों के खिलाफ चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जबकि दो टेस्ट मैच विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि हम सबसे लंबे प्रारूप में नियमित अवसर तलाश रहे हैं।”

यूएई दौरे का पूरा शेड्यूल

सिंगल टेस्ट मैच

9-13 अक्टूबर: अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश

वनडे ट्राई-नेशन सीरीज

17 अक्टूबर: बांग्लादेश बनाम जिम्बाब्वे

19 अक्टूबर: अफगानिस्तान बनाम जिम्बाब्वे

21 अक्टूबर: अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश

23 अक्टूबर: फाइनल

अफगानिस्तान बनाम जिम्बाब्वे टी20 सीरीज

27 अक्टूबर: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच

29 अक्टूबर: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच

1 नवंबर: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच

अफगानिस्तान बनाम जिम्बाब्वे टेस्ट सीरीज

5-9 नवंबर: पहला टेस्ट

13-17 नवंबर: दूसरा टेस्ट

Leave a Comment