अनुभव बनाम जुनून, दोस्ती के बीच ट्रॉफी की जंग, आज वडोदरा में टकराएंगे दो बड़े इरादे

ज दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच डब्ल्यूपीएल का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. दिल्ली कैपिटल्स के लिए डब्ल्यूपीएल का फाइनल कोई नई मंजिल नहीं है. यह टीम फाइनल का दबाव, उम्मीदों का बोझ और बड़े मंच की चुनौती पहले भी झेल चुकी है.

हालांकि, फाइनल में डीसी का पिछला रिकॉर्ड चिंता बढ़ाने वाला रहा है, क्योंकि टीम अब तक खेले गए तीनों फाइनल हार चुकी है.

इस सीजन उतार-चढ़ाव से गुज़री दिल्ली

इस बार का सफर पिछले सीज़न से काफी अलग रहा है. 2023, 2024 और 2025 में लीग चरण में दबदबा दिखाकर सीधे फाइनल में पहुंचने वाली दिल्ली इस साल उतार-चढ़ाव से गुज़री. एक वक्त ऐसा भी आया जब टीम के प्लेऑफ में पहुंचने पर सवाल उठने लगे थे. लेकिन एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स के खिलाफ सात विकेट से मिली शानदार जीत ने न सिर्फ उनकी वापसी कराई, बल्कि टीम के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दी. इस जीत में दिल्ली की गेंदबाज़ी ने अहम भूमिका निभाई.

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दिल्ली कैपिटल्स इस बार फाइनल की बाधा पार कर पाएगी. लगातार नाकामी के बाद यह मुकाबला उनके लिए इतिहास बदलने और पहली बार डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी उठाने का बड़ा मौका है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का शानदार प्रदर्शन

दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीज़न में निरंतर शानदार प्रदर्शन किया है. शुरुआती पांच मुकाबले जीतकर उन्होंने प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली थी. यूपी वॉरियर्स के खिलाफ आठ विकेट की जीत ने उन्हें तालिका में शीर्ष स्थान दिलाया. हालांकि, फाइनल से पहले मिला एक हफ्ते का ब्रेक टीम की लय को प्रभावित कर सकता है, जिसे लेकर दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग पहले भी अपनी चिंता जता चुकी हैं.

यह फाइनल सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं है, बल्कि मैदान पर दोस्ती और प्रतिस्पर्धा का अनोखा संगम भी देखने को मिलेगा. स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स मैदान के बाहर करीबी दोस्त हैं, लेकिन खिताबी मुकाबले में दोनों की नज़र सिर्फ जीत पर होगी. मंधाना पहले ही लीग का खिताब जीत चुकी हैं, जबकि जेमिमा के लिए यह जीत उन्हें नई पहचान और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ा सकती है.

वडोदरा की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही है. मौजूदा सीज़न में यहां खेले गए मुकाबलों में औसत स्कोर 159 के आसपास रहा है. मौसम भी मैच के अनुकूल रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है.

Leave a Comment