डरबन। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (49 रन देकर छह विकेट) की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को यहां किंग्समीड में पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के पांचवें और अंतिम दिन दक्षिण अफ्रीका को 214 रन से हराकर तीन मैच की शृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।
हेजलवुड ने पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीका के बचे हुए छह विकेटों में से चार झटके।
ऑस्ट्रेलिया के 421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीकी टीम लंच के एक घंटे से भी कम समय बाद 86.5 ओवर में 206 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के दूसरी नई गेंद लेने के पांच ओवर के भीतर ही मेजबान टीम आउट हो गई। मध्यक्रम के बल्लेबाज मैट रेनशॉ इस मुकाबले में सबसे सफल खिलाड़ी रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की 390 रन की पहली पारी में 190 रन का योगदान दिया जबकि दूसरी पारी में भी 82 रन बनाए। रेनशॉ ने अपनी कामचलाऊ स्पिन गेंदबाजी से टेस्ट करियर के पहले दो विकेट भी हासिल किए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने चौथी पारी में लगभग छह घंटे तक संघर्ष किया। उन्होंने 237 गेंद पर 75 रन बनाए और आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज रहे।
मार्करम का कैच मिचेल स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने लपका। मैदानी अंपायर ने शुरुआत में उन्हें नॉटआउट दिया था लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने डीआरएस का सहारा लिया जिसके बाद फैसला बदल गया। हेजलवुड ने मार्करम और वियान मुल्डर के बीच चल रही संघर्षपूर्ण साझेदारी को तोड़ा। दोनों ने सोमवार को यह साझेदारी शुरू की थी और मंगलवार को भी लगभग दो घंटे तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को परेशान किया। हेजलवुड ने एनरिच नोर्किया (04) को नाथन लियोन के हाथों कैच कराके ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की।