हजारों रुपये में बेच रहे थे भारत-वेस्टइंडीज मैच के मुफ्त पास, HCA मेंबर समेत 4 गिरफ्तार

भारत और वेस्टइंडीज का मैच देखने के लिए फ्री में मिले पास कुछ लोगों के लिए कमाई का जरिया बन गए. हैदराबाद में होने वाले टी20 मैच से पहले इन पास को हजारों रुपये में बेचे जाने का मामला सामने आया है.

पास पर साफ लिखा था कि इन्हें बेचा नहीं जा सकता, लेकिन इसके बावजूद इन्हें 3500 से 6000 रुपये तक में बेचने का आरोप है. पुलिस ने इस मामले में हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के एक सदस्य के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को बेगम बाजार के एसडी मॉल के पास मैच पास की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान अविनाश दारक और मोहित सोमानी को सोमवार रात करीब 9 बजे पकड़ा गया. पूछताछ में पता चला कि दोनों को ये पास आकर्षित श्रीवास्तव से मिले थे.

सोशल मीडिया के जरिए बेच रहे थे पास

इस मामले में HCA सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव, उनके बेटे आकर्षित श्रीवास्तव, अविनाश दारक और मोहित सोमानी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने व्हाटसअप और इंस्टाग्राम पर पास बेचने के लिए पोस्ट किए थे. इन पास की कीमत 3500 से 6000 रुपये तक रखी गई थी. जांचकर्ताओं के मुताबिक, अब तक करीब 10 पास बेचे जाने की जानकारी मिली है.

पुलिस का आरोप है कि आकर्षित को ये फ्री मैच पास अपने पिता से मिले थे. इसके बाद उसने इन्हें बेचने के लिए अविनाश को दिया. इस काम में मोहित ने भी मदद की थी.

11 मैच पास के साथ कई सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से नॉट फॉर सेल लिखे 11 मैच पास, नवरात्रि डांडिया कार्यक्रम के 8 पास, 5000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है. पुलिस अब HCA से पता लगाएगी कि सतीश चंद्र श्रीवास्तव को कुल कितने मैच पास दिए गए थे.

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने आरोपियों को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और मामलों की जांच चल रही है.

Leave a Comment