भारत-बांग्लादेश के बीच विमेंस एशिन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा ने अपने बल्ले से खूब गदर मचाया। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े, वहीं एक नया इतिहास भी रचा।
वह WT20I में अब भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाली प्लेयर बन गईं हैं। उन्होंने इस मामले में साथी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ा है। मंधाना के नाम इस फॉर्मेट में 100 छक्के हैं। शेफाली ने बांग्लादेश के खिलाफ पारी का 6ठा छक्का जड़ते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। वहीं वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो, शेफाली वर्मा विमेंस टी20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाली बैटर्स की लिस्ट में चौथे पायदान पर पहुंच गई है।
शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ अपना शतक 49 गेंदों पर पूरा किया। वह एशियन गेम्स के इतिहास में सेंचुरी लगाने वाली पहली क्रिकेटर बन गईं हैं। उन्होंने 100 रनों की पारी में 9 छक्के लगाए। भारत ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 196 रनों का टारगेट रखा है।
WT20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा सिक्स
शेफाली वर्मा- 104*
स्मृति मंधाना- 100
हरमनप्रीत कौर- 92
ऋचा घोष- 49
जेमीमा रोड्रिग्स- 27
विमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड संयुक्त रूप से सोफी डिवाइन और डिएंड्रा डॉटिन के नाम है, इन दोनों ने ही 134-134 छक्के लगाए हैं। वहीं श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं। शेफाली अब लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
WT20I में सबसे ज्यादा छक्के
134 – सोफी डिवाइन
134 – डिएंड्रा डॉटिन
120 – चमारी अथापट्टू
104* – शैफाली वर्मा
100 – स्मृति मंधाना
बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले को जीतकर टीम इंडिया की नजरें शान से फाइनल में जगह बनाने पर होगी, जहां गोल्ड मेडल के लिए उनका सामना श्रीलंंका से होगा। श्रीलंका ने एशियन गेम्स के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 रन से हराकर अपना सिल्वर मेडल कन्फर्म कर लिया है।
बात भारत-बांग्लादेश मैच की करें तो, टॉस जीतकर भारत ने पहले बैटिंग करने का फैसला किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने भारत को तगड़ी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6 ओवर में 72 रन जोड़े। मंधाना 19 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्के लगाकर 37 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। भारत को दूसरा झटका गुनालन कमलिनी के रूप में लगा जिन्होंने 10 गेंदों पर 3 ही रन बनाए।
इसके बाद बैटिंग करने आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ शेफाली वर्मा ने 94 रनों की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर की राह दिखाई। हरमन अपनी फिफ्टी पूरी नहीं कर पाईं और 40 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं।