शेफाली का तूफानी शतक, फिर दीप्ति-नंदिनी का कहर, भारत फाइनल में पहुंचा

भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों से हरा दिया है. इसी के साथ टीम इंडिया ने 2026 एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है और उसका कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो गया है. सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए थे.

196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 81 रनों पर सिमट गई. भारतीय टीम ने यह मुकाबला 119 रनों से अपने नाम किया. अब 2026 एशियन गेम्स के फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंद दिया था.

फाइनल में पहुंचा भारत

भारत गत चैंपियन के रूप में खेल रहा है. यह लगातार दूसरी बार है जब भारत की महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के फाइनल में प्रवेश पाया है. चार साल पहले 2022 एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 19 रनों से हराकर गोल्ड मेडल जीता था. अब 2026 एशियन गेम्स में भी वही फाइनल दोबारा दोहराया जाएगा. यह फाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा.

शेफाली का शतक, दीप्ति-नंदिनी चमकीं

टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने आई तो शेफाली वर्मा ने 49 गेंद में 100 रन बनाए. यह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए सबसे तेज शतक है. उनसे पहले हरमनप्रीत कौर भी 49 गेंद में सेंचुरी लगा चुकी हैं. इसी मुकाबले में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने टी20 में 100 छक्के पूरे किए, वहीं मंधाना महिला टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं.

दीप्ति-नंदिनी का कहर

बांग्लादेश के सामने 196 रनों का विशालकाय लक्ष्य था, जिसके सामने उसके बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए. भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे ओवर से ही विकेट चटकाने शुरू कर दिए और देखते-देखते 15.4 ओवर के खेल में बांग्लादेश के सारे बल्लेबाज आउट हो गए. दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए. दीप्ति ने 2.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 रन दिए. श्री चरणी भी घातक साबित हुईं, जिन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए.

श्रीलंका के साथ गोल्ड मेडल मैच

अब एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मैच 22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. वहीं सेमीफाइनल हारने वाली पाकिस्तान और बांग्लादेश के पास अब भी पदक जीतने का मौका है. 22 सितंबर को ही पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम ब्रॉन्ज मेडल के लिए आमने-सामने आएंगी.

Leave a Comment