शुभमन गिल किसी दूसरे देश में होते तो ऐसा हो जाता, भारतीय कप्तान को लेकर वसीम जाफर ने बोला खरा सच

शुभमन गिल के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने तिरुवनंतपुरम में 296 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहला वनडे 8 विकेट से जीता।

विराट कोहली ने 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 9 छक्के हैं। शुभमन ने 108 गेंदों में 110 रनों की पारी खेली। उनके बल्ले से 13 चौके और एक छक्का निकला। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने 27 वर्षीय शुभमन को ऑल-फॉर्मेट प्लेयर करार दिया है। उन्होंने एक खरा सच बोला। जाफर ने कहा कि शुभमन अगर किसी दूसरे देश में होते तो उन्हें T20I टीम में आसानी से एंट्री मिल जाती। शुभमन वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में कप्तान हैं लेकिन वह भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।

‘हमारी टीम इतनी मजबूत है कि शुभमन…’

जाफर ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”शुभमन गिल कमाल के प्लेयर हैं। वह ऑल-फॉर्मेट प्लेयर हैं। हमारी T20I टीम इतनी मजबूत है कि शुभमन जगह नहीं बना पाते है। किसी दूसरे देश में शुभमन टी20 टीम में आसानी से शामिल हो जाते।” शुभमन ने अब तक भारत के लिए 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 28.03 के औसत से 869 रन जुटाए। उन्होंने इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक जमाए। गिल ने पिछला T20I मैच दिसंबर 2025 में खेला था। उन्हें खराब फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन के कारण भारतीय टी20 टीम से बाहर किया गया था। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते शुभमन की वापसी मुश्किल हो गई।

‘शुभमन बहुत ही बढ़िया कप्तान है और…’

जाफर वनडे में शुभमन के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह कोहली की इस फॉर्मेट में लेगेसी को आगे बढ़ाएंगे। पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ”वह इस फॉर्मेट में शानदार प्लेयर हैं। मुझे ऐसा लगता है कि विराट कोहली जो लेगेसी छोड़ के जाएंगे वो शुभमन आगे बढ़ाएंगे। वह बहुत ही बढ़िया कप्तान है और कप्तानी पारी खेल रहे हैं। कम उम्र में इतनी मैच्योरिटी दिखा रहे हैं। यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छे संकेत हैं।” शुभमन वनडे में शुरुआती 67 पारियों में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले प्लेयर बन चुके हैं। उन्होंने 10 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं। शुभमन ने इस मालमे में साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला की बराबरी की।

Leave a Comment