वैष्णवी शर्मा ने ICC ODI रैंकिंग में लगाई 53 स्थान की छलांग, जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 विकेट लेकर मचाया धमाल

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने आईसीसी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। 20 साल की इस खिलाड़ी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और 3 मैच की सीरीज में 9 विकेट निकाले थे।

इनमें एक 5 विकेट हॉल भी शामिल था। इसका इनाम उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है। आईसीसी की ताजा विमेंस वनडे रैंकिंग में वैष्णवी ने 53 स्थान की लंबी छलांग लगाई है। वह अब गेंदबाजों की रैंकिंग में 94वें पायदान पर पहुंच गई हैं।

भारत ने जिम्बाब्वे को वनडे सीरीज में 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया। इस जीत में वैष्णवी शर्मा की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में कुल 9 विकेट हासिल किए।

पहली बार लिए 5 विकेट

वैष्णवी शर्मा ने सीरीज के दूसरे वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए 39 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद तीसरे और आखिरी वनडे में उन्होंने अपने करियर का पहला पांच विकेट हॉल पूरा किया। वैष्णवी ने 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनकी इस घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। खास बात यह है कि वैष्णवी ने अपने वनडे करियर के महज तीसरे मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। 20 साल और 314 दिन की उम्र में वह वनडे में 5 विकेट लेने वाली दूसरी सबसे युवा भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। पिछले 10 साल में ऐसा करने वाली वह सबसे युवा भारतीय गेंदबाज भी हैं।

 

 

 

पहले मैच में नहीं मिला था विकेट

वैष्णवी की इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि जिम्बाब्वे सीरीज से पहले उनके नाम वनडे क्रिकेट में एक भी विकेट नहीं था। उन्होंने इस साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपना वनडे डेब्यू किया था, लेकिन पहले मुकाबले में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच से उन्होंने अपना दम दिखाना शुरू किया और लगातार दो मुकाबलों में 9 विकेट लेकर दिखाया कि वह बड़ी रेस की खिलाड़ी हैं।

सायली सतघरे और प्रतिका रावल को भी फायदा

आईसीसी की ताजा रैंकिंग में वैष्णवी के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी फायदा हुआ है। तेज गेंदबाज सायली सतघरे ने गेंदबाजों की रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाकर 85वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने तीसरे वनडे में 6 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इस दौरान उन्होंने 30 डॉट बॉल भी फेंकीं थी। वहीं, क्रांति गौड़ एक स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में प्रतिका रावल को भी फायदा हुआ है। वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 18वें पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में 100 नाबाद, 61 और 59 नाबाद रन की पारियां खेलीं। इसके अलावा शेफाली वर्मा ने भी आठ स्थान की छलांग लगाई है। वह अब संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर पहुंच गई हैं। शेफाली ने तीसरे वनडे में सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए थे।

Leave a Comment